Breaking News

अल्मोड़ा (बड़ी खबर): सोमेश्वर में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में मारपीट, मुकदमा दर्ज.. देखिए वीडियो

अल्मोड़ा। विधानसभा चुनाव का रिजल्ट आने के बाद अब चुनावी रंजिशे खुल के सामने आने लगी है। अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर में भाजपा—कांग्रेस के कार्यकर्ता बीच बाजार में आपस में भीड़ गए। कुछ ही देर में मामला मारपीट तक जा पहुंचा। विवाद का कारण नवनिर्वाचित विधायक रेखा आर्य के विजय जुलूस के दौरान हुई आतिशबाजी को माना जा रहा है। दोनों पक्षों की ओर से थाना सोमेश्वर में तहरीर सौंपी गई है। ​पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शनिवार यानि आज दोपहर दोनों पार्टियों के समर्थकों के बीच सोमेश्वर मुख्य चौराहे में काफी देर तक हाथापाई और झगड़ा-फसाद होता रहा। दोनों दलों के समर्थकों के आपसी विवाद और भारी भीड़ के कारण सड़क में काफी देर तक वाहनों की आवाजाही भी बाधित होती रही। इस दौरान थानाध्यक्ष अजेंद्र प्रसाद और पुलिस बल दोनों दलों के समर्थकों को शांत करने का प्रयास करते रहे। लेकिन बीच बाजार में हुए इस चुनावी झगड़े के चलते मामला गंभीर हो गया।

पुलिस को दी तहरीर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बीते शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस के दौरान कांग्रेसियों के घरों के आगे आतिशबाजी की। कांग्रेसियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर नारेबाजी के साथ गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। वही, मामले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी सोमेश्वर थाना में तहरीर सौंपी है। जिसमें उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर गाली गलौज व मारपीट का आरोप लगाया है।

इधर जिला मुख्यालय से सीओ राजेंद्र सिंह रौतेला भी पुलिस थाना सोमेश्वर पहुंचे हैं। सीओ रौतेला ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मारपीट, जान से मारने की धमकी व गाली गलौज को लेकर तहरीर सौंपी है। सीओ ने बताया कि तहरीर ​मिलने के बाद मामले में क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली गई है। फिलहाल दोनों पक्षों को शांत करा दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

यहां देखिए वीडियो—

https://fb.watch/bIeAm5WCZy/

 

Check Also

महिलाओं ने बैठकी होली में बिखेरे गीत-संगीत के रंग, नगर में जगह-जगह जम रही महफिल

  अल्मोड़ा: उत्तराखंड के कुमाऊं की पारंपरिक होली की पहचान पूरे देश दुनिया में की …