Breaking News

अल्मोड़ा: पदोन्नति प्रक्रिया शुरू नहीं होने से प्राथमिक शिक्षकों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी

अल्मोड़ा। जिले में लंबे समय से पदोन्नति नहीं होने से प्राथमिक शिक्षकों में भयंकर आक्रोश है। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला इकाई की ओर से गुरुवार को मामले में मुख्य शिक्षा अधिकारी सुभाष चंद्र भट्ट को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान संघ के सदस्यों ने जल्द पदोन्नति विज्ञप्ति जारी करने की मांग की। संघ ने मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

ज्ञापन में संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व में संगठन की ओर से कई बार लिखित और मौखिक रूप से पदोन्नति प्रक्रिया प्रारंभ करने की मांग की जा चुकी है। लेकिन पदोन्नति करना तो दूर विभागीय अधिकारियों द्वारा पदोन्नति हेतु विज्ञप्ति तक जारी नहीं की गई।

कहा कि पदोन्नति प्रक्रिया में बरती जा रही उदासीनता से स्पष्ट हो गया कि विभाग को न तो शिक्षा और न ही शिक्षक हित से कोई सरोकार है। पदोन्नति प्रक्रिया गतिमान करने के संबंध में जब भी संगठन द्वारा अधिकारियों से वार्ता की गयी तो अधिकारियों द्वारा कोरे आश्वासन दिये जाते है।

कहा कि दो शैक्षिक सत्र गुजर जाने के बाद भी विज्ञप्ति जारी नहीं की गई जिस कारण शिक्षकों में काफी रोष व्याप्त है। जबकि राज्य के अन्य जनपदों में इस समय अंतराल में कई बार पदोन्नति की जा चुकी है, इस प्रकार पदोन्नति प्रक्रिया को लंबित रखने से शिक्षकों को काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। संगठन के शीघ्र पदोन्नति विज्ञप्ति जारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

इस दौरान जिलाध्यक्ष किशोर जोशी, जिलामंत्री जगदीश भंडारी, कोषाध्यक्ष मनोज बिष्ट उत्तराखंड फेडरेशन-मिनिस्ट्रियल के अध्यक्ष पुष्कर भैसोड़ा, धीरेंद्र पाठक, प्रकाश जोशी, गिरिजा भूषण जोशी, सुरेंद्र भण्डारी आदि मौजूद रहे।

Check Also

महिलाओं ने बैठकी होली में बिखेरे गीत-संगीत के रंग, नगर में जगह-जगह जम रही महफिल

  अल्मोड़ा: उत्तराखंड के कुमाऊं की पारंपरिक होली की पहचान पूरे देश दुनिया में की …