Breaking News

अल्मोड़ा: रसोई गैस के दाम बढ़ने पर भड़की कांग्रेस, मोदी सरकार का पुतला फूंका

अल्मोड़ा। घरेलू रसोई गैस के बढ़े दामों व लगातार बढ़ रही महंगाई को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को मोदी सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने महंगाई रोकने में केंद्र सरकार को विफल करार देते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इस दौरान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गोविंद ​सिंह कुंजवाल ने कहा कि देश में लगातार महंगाई बढ़ रही है, रूपया लगातार गिर रहा है। देश की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय है। उन्होंने कहा कि यही हालात रहे तो देश में श्रीलंका जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है इसलिए देश के प्रत्येक नागरिक को सावधान रहने की आवश्यकता है।

जिलाध्यक्ष पीताम्बर पाण्डेय ने कहा कि भाजपा सरकार में देश एवं प्रदेश की मध्यमवर्गीय एवं गरीब जनता पर लगातार महंगाई की मार पड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने महंगाई का कीर्तिमान स्थापित करते हुए काफी समय पहले ही घरेलू गैस सिलेंडर का मूल्य एक हजार रूपये के पार पहुंचा दिया था और अब भाजपा की इस जनविरोधी सरकार ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम 50 रूपये बढ़ाकर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का काम किया गया है।

कांग्रेस नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला ने कहा कि आज पेट्रोल—डीजल, रसोई गैस, अनाज से लेकर दैनिक उपभोग की वस्तुएं दाल, आटा, तेल, सब्जियां इतनी महंगी हो चुकी हैं कि मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों के लिए अपने बच्चों का पालन पोषण तक करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार स्वयं अपनी पीठ थपथपाने में मस्त है और वर्तमान महंगाई से मुंह मोड़े हुए है। बजाय इसके की कोई ठोस नीति बनाकर महंगाई को कम किया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने शीघ्र घरेलू रसोई गैस सिलेंडर सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं के बढ़े मूल्य वापस नहीं लिए तो कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर विरोध करेगी।

इस दौरान विधायक मनोज तिवारी, महिला जिलाध्यक्ष लता तिवारी, भूपेन्द्र भोज, तारा चन्द्र जोशी, राजीव कर्नाटक, दीपांशु पाण्डेय, हर्ष कनवाल, गोपाल चौहान, दीवान सतवाल, राधा बिष्ट, रमेश बिष्ट, मोहन राम, सुरेन्द्र राम, राबिन भण्डारी, रमेश नेगी, महेश चन्द्र आर्या, चन्दन बोरा, गोपाल मेहरा, एन.डी पांडे, परितोष जोशी, नरेन्द्र कुमार, ललित सतवाल, शरद साह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Check Also

Asian Games: फाइनल में हार कर भी बैडमिंटन टीम ने रचा इतिहास, अल्मोड़ा के लक्ष्य सेन का शानदार प्रदर्शन

🔊 इस खबर को सुने अल्मोड़ा: चीन में आयोजित एशियन गेम्स में भारतीय बैडमिंटन पुरूष …