Breaking News

गजबः गुलदार के मारने के अंदेशे के चलते दिनभर मचा रहा हड़कंप, अंत में यहां मिली महिला

अल्मोड़ाः जिले में एक अजब गजब मामला सामने आया है। एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला अचानक घर से लापता हो गई। महिला को गुलदार द्वारा मारे जाने के अंदेशे के बाद लोगों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में वन विभाग, पुलिस विभाग व राजस्व विभाग की टीम समेत पूरा गांव महिला की खोजबीन में जुट पड़ा। मंगलवार की आधी रात व बुधवार को दिनभर महिला की तलाश की गई। जिस महिला को गुलदार द्वारा मारे जाने का अंदेशा जताया जा रहा था वह अंत में घर से एक किमी की दूरी पर सही सलामत मिली।

महिला बीते मंगलवार की शाम करीब 5 बजे घर से अचानक गायब हो गई थी। जिसके बाद पूरी रात महिला का कुछ पता नहीं चल सका। लेकिन महिला पूरी रात जंगल में रहने के बाद दूसरे दिन सही सलामत मिली। इस घटना के बाद वहां मौजूद हर व्यक्ति हतप्रभ रह गया। वही, महिला के सही सलामत मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।

दरअसल, द्वाराहाट कस्बे से करीब 12 किमी की दूरी पर स्थित ग्राम नाहर छब्बीसा निवासी शांति देवी 72 वर्ष पत्नी विपिन चन्द्र पाठक मंगलवार की शाम करीब 5 बजे अचानक अपने घर के आँगन के पास से गायब हो गई। काफी देर बाद परिजनों को इसकी भनक लगी। आंगन से कुछ दूरी पर झाड़ियों के टूटे होने व घसीटे जाने के निशान देखने पर संभावना जताई जा रही है कि महिला को गुलदार उठा ले गया।

इस दौरान स्थानीय विधायक मदन सिंह बिष्ट भी मौके पर गांव पहुंचे। सूचना के बाद वन, राजस्व व द्वाराहाट पुलिस मौके पर गांव पहुंची। टीम द्वारा मंगलवार देर रात करीब 12 बजे तक महिला को ढूंढने का प्रयास किया गया। लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई। जिसके बाद बुधवार तड़के से दोबारा गांव से सटे जंगल में महिला की खोजबीन की गई। दोपहर बाद महिला घर से 1 किमी की दूरी पर सही सलामत मिल गई।

 

हमसे व्हाट्सएप पर जुड़ें

https://chat.whatsapp.com/IZeqFp57B2o0g92YKGVoVz

हमसे यूट्यूब पर जुड़ें

https://youtube.com/channel/UCq06PwZX3iPFsdjaIam7DiA

Check Also

महिलाओं ने बैठकी होली में बिखेरे गीत-संगीत के रंग, नगर में जगह-जगह जम रही महफिल

  अल्मोड़ा: उत्तराखंड के कुमाऊं की पारंपरिक होली की पहचान पूरे देश दुनिया में की …