Breaking News
Oplus_131072

टिहरी में वोटिंग के बीच मतदान केंद्र के अंदर घुसे कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल! UKD कार्यकर्ताओं से हुई तीखी बहस, कांग्रेस ने उठाये सवाल

इंडिया भारत न्यूज़ डेस्क: टिहरी गढ़वाल के नरेंद्रनगर पालिका चुनाव के दौरान मंगलवार को मतदान केंद्र पर उस समय हलचल मच गई, जब प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक सुबोध उनियाल मतदान केंद्र के भीतर पहुंच गए। मौके पर मौजूद उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने उनके मतदान केंद्र में प्रवेश को लेकर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंत्री सुबोध उनियाल के मतदान केंद्र में पहुंचने पर यूकेडी नेत्री प्रमिला रावत ने विरोध दर्ज कराया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस होती रही और मौके पर गहमागहमी का माहौल बन गया। विवाद बढ़ता देख मंत्री सुबोध उनियाल अपने समर्थकों के साथ वहां से लौट गए।

 

घटना के बाद मतदान केंद्र पर कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि चुनाव कर्मियों और प्रशासन की मौजूदगी में मतदान प्रक्रिया प्रभावित नहीं हुई और शांतिपूर्ण ढंग से जारी रही।

उधर, कांग्रेस ने नरेंद्र नगर में मंत्री सुबोध उनियाल पर लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं का उल्लंघन किए जाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने नरेंद्र नगर नगर पालिका चुनाव के दौरान कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक सुबोध उनियाल के आचरण की कड़ी निंदा की है।

 

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता का अहंकार संविधान और चुनावी नियमों से ऊपर नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा मतदान के दौरान मंत्री का प्रोटोकॉल और निर्वाचन नियमों की अनदेखी करते हुए मतदान केंद्र के भीतर प्रवेश करना अपने आप में गंभीर मामला है। इससे भी अधिक दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि जब स्थानीय लोगों और मतदाताओं ने इस पर अपनी कड़ी आपत्ति जताई तो मंत्री ने संयम और मर्यादा का परिचय देने की जगह आक्रामक और अभद्र व्यवहार किया।

 

गरिमा दसौनी ने आरोप लगाए कि उन्होंने मतदान केंद्र में प्रवेश का विरोध कर रही महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया। उनको आपत्तिजनक शब्द कहे। उनके मोबाइल फोन तक छीनने का प्रयास का किया गया। कांग्रेस ने कहा अगर सत्ता में बैठे मंत्री ही कानून और चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन करेंगे तो आम जनता से नियमों के पालन की अपेक्षा कैसे की जा सकती है। कांग्रेस ने राज्य निर्वाचन आयोग से पूरे मामले का संज्ञान लेने और इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

 

नगर पालिका परिषद, नरेंद्रनगर के सामान्य निर्वाचन के तहत आज सभासद प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मत पेटिकाओं में बंद हो गया है। चुनाव प्रक्रिया के तहत अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र सिंह गुसाईं का नामांकन पत्र निरस्त होने के चलते भाजपा प्रत्याशी और पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। जिसके बाद
आज केवल 7 वार्डों में सभासदों के पद पर मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई गई। सभी सात वार्डों के सभासद पर पद हुए चुनाव की मतगणना 11 जून को होगी।

 

Check Also

शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी का सैन्य एवं राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार, सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई

अल्मोड़ा: जम्मू-कश्मीर के राजौरी क्षेत्र में भारतीय सेना के एक सैन्य अभियान के दौरान वीरगति …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *