Breaking News

अल्मोड़ा में दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिलख्वाल का जोरदार स्वागत, जीत की हैट्रिक का किया दावा

अल्मोड़ा: उत्तराखंड हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद के उपाध्यक्ष (दर्जा राज्यमंत्री) गोविंद पिलख्वाल का बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। दूसरी बार दर्जा राज्यमंत्री बनने के बाद पहली बार गृहक्षेत्र पहुंचे पिलख्वाल इस दौरान काफी भावुक नजर आए।

 

सीएम पुष्कर सिंह धामी और पार्टी हाईकमान का आभार जताते हुए पिलख्वाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 2027 में बीजेपी उत्तराखंड में जीत की हैट्रिक लगाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जिले की सभी छह सीटे बीजेपी की झोली में जाएंगी। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर काम किया जाएगा।

 

पिलख्वाल ने मुख्यमंत्री घोषणा के अनुरूप डीनापानी को हैंडक्रॉफ्ट विलेज के रूप में विकसित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा डीपीआर बनाकर केंद्र को भेज दी गई है। जल्द ही तकनीकी टीम स्थलीय निरीक्षण करेगी। इसके अलावा उन्होंने ताम्र नगरी के रूप में अल्मोड़ा नगर की पहचान को पुनर्जीवित करने की बात कही।

 

इससे पहले पिलख्वाल के स्वागत में सिकुड़ा बैंड, धारानौला से नगर स्थित एक होटल तक एक विशाल एवं आकर्षक जुलूस निकाला गया। जुलूस में शामिल कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों, नारों और पार्टी के झंडों के साथ उत्साहपूर्वक आगे बढ़े। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा कर अतिथियों का स्वागत किया गया।

 

जुलूस के बाद होटल में जिला अध्यक्ष महेश नयाल की अगुवाई में एक भव्य सभा का आयोजन किया गया। सभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

 

अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष महेश नयाल ने कहा कि गोविंद पिलख्वाल का लंबा संगठनात्मक अनुभव, समर्पण और कार्यशैली पार्टी को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी। उनके नेतृत्व में जनसेवा के कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी तथा संगठन को भविष्य में इसका निश्चित रूप से लाभ प्राप्त होगा।

 

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नीतियों, योजनाओं और कार्यकर्ताओं के समर्पण के बल पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा। जिले की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा का परचम लहराएगा तथा उत्तराखंड में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।

 

नव-नियुक्त दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिलख्वाल ने कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता का है। वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनसेवा एवं क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र की जनता, विशेष रूप से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

 

कार्यक्रम में जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैंडा, महापौर अजय वर्मा, प्रदेश मंत्री गौरव पांडे, प्रदेश उपाध्यक्ष किरन पंत, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, ललित लटवाल, रमेश बहुगुणा, रवि रौतेला, कुंदन लटवाल, जिला महामंत्री प्रकाश भट्ट, दर्शन रावत, बिट्टू कर्नाटक, एके सिकंदर पवार, ब्लॉक प्रमुख लमगड़ा त्रिलोक रावत, नीमा आर्या, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, सुभाष पांडे के अलावा पार्षद, जिला पंचायत सदस्य समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया।

 

Check Also

बड़ी खबर: भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की एक और बड़ी कार्रवाई, ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक घूस लेते गिरफ्तार, जानिए क्या है पूरा मामला

इंडिया भारत न्यूज़ डेस्क: उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ धामी सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *