Breaking News

बीजेपी सरकार में न महिलाएं सुरक्षित न युवाओं का भविष्य: ज्योति रौतेला

अल्मोड़ा: लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी घेरेबंदी का दौर शुरू हो चुका है। कांग्रेस अलग-अलग मुद्दों को लेकर लगातार सरकार को घेरने में लगी है। सड़क पर सिर मुड़वाने वाली महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला इन दिनों जिलावार महिला स्वा​भिमान यात्रा निकाल कर महिला अपराध, महंगाई, बेरोजगारी समेत तमाम मुद्दों को जनता तक पहुंचा रही है। शुक्रवार को यह यात्रा अल्मोड़ा पहुंची।

यहां नगर के एक होटल सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि प्रदेश में बढ़ते महिला अपराध के मामले व सरकार की इस ओर बेरूखी चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि बीते एक साल में प्रदेश में महिलाओं से बलात्कार के 1196 मामले सामने आए हैं। वहीं महिलाओं की हत्या व अपहरण के मामलों की संख्या 2024 हो गई है। भाजपा राज में महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। ​

रौतेला ने कहा कि अंकिता हत्याकांड के एक साल बीतने के बाद भी पहाड़ की बेटी को इंसाफ नहीं मिल पाया। कांग्रेस अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने, मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट भेजने तथा प्रकरण में लिप्त वीवीआईपी का नाम सार्वजनिक करने आदि सवालों को लगातार उठा रही है। लेकिन इस मामले में प्रदेश सरकार चुप्पी साधे हुए है।

प्रदेश अध्यक्ष रौतेला ने कहा कि भाजपा सरकार में सभी वर्ग परेशान है। महिलाएं, किसान, युवा, कर्मचारी सभी सड़कों पर हैं। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। भर्ती घोटालों की सीबीआई जांच की मांग कर रहे युवाओं पर लाठियां बरसाई जा रही है। दूसरी ओर भर्ती घोटालों का मास्टरमाइंड हाकम सिंह जमानत पर जेल से बाहर है।

रौतेला ने कहा कि आज देश व प्रदेश के हालात बहुत खराब है। सरकार इस कदर डरी हुई है कि बीते गुरुवार को जब वह प्रधानमंत्री से मिलने व उनसे कई मुद्दों पर बात करने के लिए पिथौरागढ़ पहुंची थी, तो पिथौरागढ़ पुलिस ने बिना किसी कारण के ही उन्हें और पिथौरागढ़ महिला कांग्रेस अध्यक्ष भावना समेत 3-4 महिलाओं को हिरासत में लेकर पिथौरागढ़ से 30 किमी दूर घाट पुलिस चौकी में दिनभर बिठाए रखा। जो महिलाओं का घोर अपमान है।

रौतेला ने कहा कि प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी ने अब प्रदेश सरकार को जगाने का निर्णय लिया है। इसके लिए आगामी 25 नंवबर से पूरे प्रदेश में विधानसभावार महिला स्वाभिमान यात्रा निकाली जाएगी। अगले 15 दिनों के भीतर प्रदेश के सभी ब्लाकों में महिला कांग्रेस कमेटियों का गठन कर लिया जाएगा। इसके अलावा हर बूथ में 10 महिलाओं का संगठन भी बनाया जाएगा॥

पत्रकार वार्ता में जिला अध्यक्ष महिला राधा बिष्ट, विधायक मनोज तिवारी, नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, जिलाध्यक्ष कांग्रेस भूपेंद्र सिंह भोज, नगर अध्यक्ष महिला कांग्रेस दीपा शाह, नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी आदि मौजूद रहे।

 

हमसे whatsapp पर जुड़े

हमसे youtube पर जुड़ें

https://youtube.com/channel/UCq06PwZX3iPFsdjaIam7Di

Check Also

पंचायत चुनाव 2025:: पहले चरण के चुनाव की वोटिंग कल, अल्मोड़ा में निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन तैयार

जिले में 1382 पदों पर होगा चुनाव, 3837 उम्मीदवार चुनावी मैदान में पहले चरण में …

preload imagepreload image
01:33