द्वाराहाट मुख्य चौराहे पर प्रदर्शन जारी, प्रदर्शनकारियों की पुलिस से हुई तीखी नोकझोंक, एनएच सात घंटे से बंद
अल्मोड़ा। कौला और फलद्वाड़ी से नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्यों के पतियों के कथित अपहरण मामले में बुधवार को द्वाराहाट में जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेसियों व परिजनों ने द्वाराहाट थाना और चौराहे पर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से कई बार तीखी झड़प हुई। कांग्रेसियों ने थाने में शिकायत कर भाजपाईयों पर अपहरण करने का आरोप लगाया है। ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव से ठीक एक दिन पहले हुए इस बवाल के बाद द्वाराहाट में तनाव चरम पर पहुंच गया है।
कौला से नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्य विमला देवी के पति संतोष लहरी तथा फलद्वाड़ी से नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपा देवी के पति दीपक कुमार हल्द्वानी से उपचार के बाद नवीन मैनाली नाम के व्यक्ति के वाहन में वापस द्वाराहाट को लौट रहे थे। आरोप है कि रानीखेत से आगे गगास के ऊपर दो वाहनों में सवार अज्ञात लोगों द्वारा उनका वाहन रोका गया और पिस्टल दिखाकर दोनों सदस्यों का अपहरण कर लिया गया।
इसकी सूचना पर कांग्रेस कार्यकर्ता थाने पहुंचे। जहां पूर्व प्रमुख राजेंद्र सिंह किरौला ने लिखित शिकायत की। और प्राथमिकी दर्ज कर अपहृत लोगों को रिहा करवाने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज नहीं करने पर कांग्रेस कार्यकर्ता भड़क उठे और थाने में नारेबाजी करने लगे। कांग्रेसियों ने पुलिस पर भाजपा के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया।
कुछ देर बाद कांग्रेस कार्यकर्ता व अपहृत हुए लोगों के परिजन मुख्य चौराहा पहुंचे। जहां धरना शुरू कर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। जिसमें एंबुलेंस समेत दर्जनों वाहन फंस गए। जाम खुलवाने गई पुलिस के साथ तीखी झड़प हुई। माहौल बिगड़ता देख एएसपी हरबंस सिंह व सीओ रानीखेत विमल प्रसाद फोर्स के साथ धरनास्थल पहुंचे। धरने पर बैठे रानीखेत कांग्रेस जिलाध्यक्ष व निवर्तमान ब्लाक प्रमुख दीपक सिंह किरौला को पुलिस ने उठाने का प्रयास किया तो प्रदर्शनकारियेां की पुलिस तीखी तकरार हुई।
दोपहर करीब 12 बजे से शुरू हुआ हंगामा देर शाम तक जारी रहा। बुधवार शाम सात बजे खबर लिखे जाने तक कांग्रेसी व अपहृत हुए लोगों के स्वजनों का द्वाराहाट चौराहे पर प्रदर्शन जारी था। प्रदर्शनकारियों ने पिछले करीब सात घंटे से एनएच जाम किया हुआ है। पुलिस प्रदर्शनकारियों को समझाने और एनएच खोलने में विफल साबित हो रही है।
कांग्रेस से ब्लाक प्रमुख प्रत्याशी आरती किरौला ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या करने पर तुली है। भाजपा को अपनी हार का डर सताने लगा है। कौला और फलद्वाड़ी से निर्वाचित बीडीसी उनके समर्थन में हैं। जिसके चलते भाजपाईयों ने उनके पतियों का आधे रास्ते से अपहरण किया है।
भाजपा प्रत्याशी ममता भट्ट के पति व भाजपा नेता कैलाश भट्ट ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी ब्लाक प्रमुख का चुनाव हार रही हैं। इस बात से कांग्रेस के लोगों में हताशा व निराशा है। कांग्रेस हार को देखते हुए माहौल बदलना चाहती है। उनका आरोप है कि कांग्रेस ने पूरी सोची समझी साजिश के तहत यह घटनाक्रम किया है।
एएसपी हरबंस सिंह ने बताया कि शिकायत की जांच की जा रही है जिन लोगों के अपहरण होने की बात कही जा रही उनकी खोजबीन के लिए जिलेभर में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। लेकिन कोई भी व्यक्ति एनएच को जाम कर कानून अपने हाथ में नहीं ले सकता है यह पूरी तरह असंवैधानिक है। प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
India Bharat News Latest Online Breaking News