इंडिया भारत न्यूज डेस्क: पहाड़ में रहने वाली महिलाओं का जीवन पहाड़ जैसा कठिन हैं। उनका जीवन संघर्षों से भरा पड़ा है। रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए कई बार उन्हें अपनी जान तक गंवानी पड़ती है। कभी जंगली जानवरों, बाघ, गुलदार, भालू, सुअर के हमले का शिकार होती हैं तो कभी पहाड़ी से गिरकर अपनी जिदंगी से हाथ धो बैठती हैं।
ऐसी ही एक हृदयविदारक खबर उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले से है। जहां पहाड़ी से गिरकर महिला की मौके पर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला घास काटने जंगल गई थी। इसी दौरान उसका पांव फिसल गया और वह खड़ी ढाल वाली पहाड़ी से नीचे जा गिरी। और मौके पर महिला की मौत हो गई।
यह घटना सोनप्रयाग क्षेत्र के रामपुर न्यालसू का है। 40 वर्षीय गीता देवी पत्नी गजपाल सिंह रोज की भांति मंगलवार को भी मवेशियों के लिए घास लेने जंगल गई थी। जहां घास काटते वक्त अचानक वह पहाड़ी से गिर गई। कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस ने इसकी सूचना एसडीआरएफ को दी। SDRF पोस्ट सोनप्रयाग से उप निरीक्षक संतोष परिहार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
एसडीआरएफ टीम मंदाकिनी नदी को पैदल पार करते हुए करीब दो किलोमीटर की खड़ी व अत्यंत दुर्गम पहाड़ी चढ़ाई कर घटनास्थल तक पहुंच बनाई। खड़ी ढाल वाले पहाड़ी क्षेत्र से शव को करीब तीन किलोमीटर पैदल नीचे लाया गया। जिसके बाद शव को विधिक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
India Bharat News Latest Online Breaking News