अल्मोड़ा: प्रांतीय उधोग जिला व्यापार मंडल और नगर व्यापार मंडल पदाधिकारियों और होटल व्यवसाइयो ने कमर्शियल सिलेंडरों की समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी से मुलाकात की और डीएम को व्यापारियों की समस्या से अवगत कराया।
व्यापारियों में कहा कि वर्तमान में कमर्शियल सिलेंडरों की भारी कमी के कारण रेस्टोरेंट एवं होटल व्यवसाय अत्यंत प्रभावित हो रहे हैं और कई प्रतिष्ठान बंद होने की कगार पर पहुँच चुके हैं। ऐसी आपातकालीन स्थिति में खाद्य पूर्ति विभाग द्वारा की जा रही छापेमारी से व्यापारियों में भय एवं असमंजस का वातावरण उत्पन्न हो रहा है, जिसकी वह कड़ी निंदा करते हैं।
इससे ग्रामीण एवं नगर क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियाँ और अधिक प्रभावित हो रही हैं। यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो अनेक व्यापारियों के समक्ष रोजी-रोटी का गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है। व्यापारी समाज सदैव प्रशासन का सहयोगी रहा है, विशेषकर कोरोना जैसी आपदा के समय भी व्यापारियों ने शासन-प्रशासन का पूर्ण सहयोग किया था।
व्यापारियों ने डीएम से वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान न करने, साथ ही जब तक कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक व्यापारियों को वैकल्पिक रूप से घरेलू (डोमेस्टिक) सिलेंडर उपयोग करने की अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया है।
जिलाधिकारी ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि तीन चार दिन में कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति राहत के रूप में लगभग 50 प्रतिशत तक दे दी जाएगी। डीएम ने कहा समस्या बहुत बड़ी है इसलिए सभी को धैर्य और संयम से काम लेना है।
इस दौरान जिला व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुशील साह, जिला महामंत्री भैरव गोस्वामी, सयुंक्त महामंत्री दिनेश मठपाल, जिला संरक्षक संजीव गुप्ता, जिला मंत्री राकेश तिवारी, जिला मंत्री अशोक गोस्वामी, नगर सचिव वकुल साह, नगर सहसचिव अश्विन नेगी, होटल व्यवसाई अजीत कार्की, हरविंदर सिंह, मंजुल मित्तल, गोविंद बिष्ट, कमल तिवारी, मो अखलाख, राजेश अग्रवाल, विनय वर्मा, राजू बिष्ट,वरुण कपकोटी, मनोज जड़ोत , हिमांशु जोशी, बिलाल खान, नरेंद्र विक्की आदि व्यापारी मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News