अल्मोड़ा: श्री राम सांस्कृतिक एवं सामाजिक सेवा समिति के तत्वावधान में नगर में गुरुवार से रामलीला मंचन होगा। चैत्र नवरात्रि में होने वाली इस रामलीला में सभी किरदार महिलाएं ही निभाती हैं। पांचवे संस्करण का मंचन श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब में हर दिन शाम 6 से 9 बजे तक होगा। कार्यक्रम की मुख्य संयोजक लता तिवारी ने लोगों से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है।
बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम की मुख्य संयोजक लता तिवारी ने बताया नगर की महिलाओं द्वारा चैत्र नवरात्र में पांच वर्ष पहले रामलीला मंचन शुरू किया था। प्रारंभ में जिला पंचायत परिसर, उसके बाद नगर पालिका के शॉपिंग कांप्लेक्स में, फिर दो साल तक ऐतिहासिक मल्ला महल में मंचन किया गया। पर्यटन विभाग ने अब मल्ला महल में होने वाली गतिविधियों के लिए शुल्क लागू कर दिया है। इसके चलते इस वर्ष का आयोजन श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब में किया जा रहा है।
उन्होंने बताया रामलीला के सभी पात्रों की भूमिका महिलाओं द्वारा निर्वहन की जाती है। यह आयोजन रामलीला मंचन की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के साथ ही महिला सशक्तिकरण को मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने बताया जनता के आर्थिक सहयोग से ही मंचन में आने वाला खर्च जुटाया जाता है। जिला प्रशासन का इस आयोजन में विशेष सहयोग रहता है।
संस्था की कोषाध्यक्ष प्रतिभा भट्ट ने बताया की गुरुवार सुबह 10 बजे नंदा देवी मंदिर से मुरली मनोहर मंदिर तक शोभायात्रा निकाली जाएगी।
पत्रकार वार्ता में सचिव सपना सांगा, ज्योति त्यागी, श्वेता पुनेठा, गीता तिवारी, शगुन त्यागी, राजेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News