Breaking News

विधायक मनोज तिवारी ने धामी सरकार पर साधा निशाना, कहा- 4 साल ‘बेमिसाल’ नहीं ‘बेहाल’ रहे

अल्मोड़ा: प्रदेश सरकार के चार सालों के कार्यकाल पर कांग्रेस ने निशाना साधा है। विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि धामी सरकार के 4 साल बेमिसाल नहीं बल्कि, बेहाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि झूठे आंकड़ों और भ्रामक प्रचार कर सरकार वाहवाही लूट रही है। कार्यक्रमों में केवल भाजपा के पदाधिकारी और अधिकारी ही हिस्सा ले रहे हैं। सरकार द्वारा सरकारी धन का दुरुप्रयोग किया जा रहा है।

 

शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता में विधायक मनोज तिवारी ने प्रदेश सरकार पर जमकर सियासी तीर चलाएं। इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछले 9 सालों में भाजपा सरकार ​स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार के साथ ही हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है। प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे है। महंगाई से जनता में त्राहिमाम मचा हुआ है। पलायन से गांव के गांव खाली हो गए है। महिला व बाल अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज और सरकारी अस्पताल रेफरल सेंटर बन कर रह गए है। जंगली जानवरों के आतंक से जनता त्रस्त है। लेकिन इन समस्याओं के समाधान के लिए सरकार के पास कोई ठोस नीति नहीं है। चुनाव नजदीक आते ही सरकार झूठे आंकड़ों से भ्रामक प्रचार कर प्रदेश की भोली भाली जनता को गुमराह करने का काम कर रही है।

 

एनसीआरबी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए​ तिवारी ने कहा कि हिमालयी राज्यों में महिला अपराध में उत्तराखंड शीर्ष स्थान पर है। प्रदेश में बच्चों और महिलाओं की गुमशुदगी के मामले भी सबसे अधिक दर्ज हैं। रिपोर्ट में जो आंकड़े सामने आए हैं, वह चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यह सब उस सरकार के कार्यकाल में घटित हुआ है, जो महिला सशक्तिकरण और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देते नहीं थकती।

 

विधायक तिवारी ने प्रदेश के अलग अलग स्थानों पर बच्चियों के साथ हुए दुष्कर्म के मामलों में सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में स्पेशल सर्विस मांगने वाला वह वीआईपी कौन था, जिसके चलते अंकिता की हत्या हुई। अब तक​ राज्य की जनता को इसका जवाब नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा के सल्ट, चंपावत, हरिद्वार, नैनीताल में बच्चियों से हुई दुष्कर्म की घटनाओं में भाजपा से जुड़े लोगों की संलिप्तता पाई गई। इन कृत्यों से देवभूमि शर्मसार हुई है।भाजपा राज में महिलाएं और बच्चियां अब खुद को असुरक्षित महसूस करने लगी हैं।

 

​तिवारी ने कहा कि मानव वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए सरकार प्रभावी कदम नहीं उठा पा रही है। शहर हो या गांव हर जगह जंगली जानवरों ने लोगों के नाक में दम किया है। कृषि पूरी तरह चौपट हो चुकी है। पशुपालन भी प्रभावित हुआ है। जिससे लोगों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। जनता को इन समस्याओं से निजात दिलाने के लिए सरकार के पास कोई नीति नहीं है।

 

विधायक ने कहा कि उत्तराखंड समेत पूरे देश में रसोई व व्यावसायिक ​गैस की किल्लत से हाहाकार मचा हुआ है। कई लोगों का व्यापार ठप हो चुका है। छोटे व्यवसासियों के सामने परिवार के भरण पोषण का संकट खड़ा हो गया है। धड़ल्ले से एलपीजी गैस की कालाबाजारी हो रही है। लेकिन सरकार हाथ में हाथ धरे बैठी है।

 

विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि उनकी पार्टी के विधायकों ने हाल ही हुए विधानसभा सत्र के दौरान प्रदेश की तमाम समस्याओं व जनमुद्दों पर सरकार को घेरने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों और हक के लिए सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ रही है, यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

 

प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, ​जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस राधा बिष्ट, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, राजेंद्र बाराकोटी, दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।

Check Also

हवालबाग विकासखंड में हुई बैठक में जनप्रतिनिधियों ने उठाएं कई मुद्दे, कंटिंजेंसी राशि काटे जाने का किया विरोध

अल्मोड़ा। हवालबाग विकासखंड में बैठक आहूत की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *