अल्मोड़ा: उत्तराखंड के सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार के बढ़ते मामलों ने आम जनता का विश्वास डगमगा दिया है। अल्मोड़ा में विजिलेंस ने वन विभाग के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस मामले के बाद वन महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी, नैनीताल की टीम द्वारा शनिवार को वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय जागेश्वर में बाबू/फॉरेस्टर के पद पर तैनात नवीन नौटियाल पुत्र गोविन्द प्रसाद को 25,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने शिकायतकर्ता जय प्रकाश से लीसा गड़ान-ढुलान कार्य के लिए वर्ष 2026 में पंजीकरण नवीनीकरण और लंबित बिलों के भुगतान के एवज में रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता टीम ने जाल बिछाकर आरोपित को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) जागेश्वर सिविल सोयम वन प्रभाग अल्मोड़ा का नाम भी सामने आया है, जिन्हें विजिलेंस द्वारा इस मामले सह-अभियुक्त बनाया गया है। विजिलेंस ने उनके खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
उधर, प्रभागीय वनाधिकारी सिविल सोयम वन प्रभाग प्रदीप धौलाखंडी ने कहा कि फिलहाल विजिलेंस की ओर से उन्हें कार्यवाही से संबंधित कोई पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। पत्र प्राप्त होने के बाद आरोपित कर्मचारियों पर नियमानुसार विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
India Bharat News Latest Online Breaking News