Breaking News

कांग्रेस की प्रेस वार्ता पर BJP का पलटवार, कहा- निराधार और तथ्यहीन आरोप लगाना कांग्रेस की पुरानी कार्यशैली

अल्मोड़ा: विधायक मनोज तिवारी द्वारा पत्रकार वार्ता कर सरकार के 4 साल के जश्न पर लगाए गए आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने कहा कि निराधार और तथ्यहीन आरोप लगाना कांग्रेस की पुरानी कार्यशैली रही है। प्रदेश की जनता भावनात्मक भाषणों से नहीं, बल्कि धरातल पर दिख रहे विकास कार्यों से प्रभावित होती है।

 

प्रेस को जारी एक बयान में बिष्ट ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 28,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियाँ प्रदान की हैं। इसके साथ ही स्वरोजगार योजनाएं, स्टार्टअप नीति, होमस्टे योजना, कृषि एवं स्वरोजगार अनुदान कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया है। साथ ही लखपति दीदी योजना के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त कर उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि सुनिश्चित की जा रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।

 

नगर अध्यक्ष बिष्ट ने कहा कि विधायक मनोज तिवारी को सरकार पर प्रश्न उठाने से पूर्व अपने 15 वर्षों के राजनीतिक कार्यकाल का लेखा-जोखा जनता के समक्ष रखना चाहिए। यदि इतने लंबे समय में क्षेत्र में कोई उल्लेखनीय विकास कार्य हुआ है, तो उसकी तथ्यात्मक सूची प्रस्तुत की जाए। केवल अपनी ही पूर्व सरकारों के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करना और बयानबाजी करना जनसेवा का प्रमाण नहीं हो सकता।

 

उन्होंने आगे कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सड़क जैसे बुनियादी क्षेत्रों में वर्तमान सरकार ने रिकॉर्ड बजट स्वीकृत कर कार्यों को गति दी है। पर्वतीय क्षेत्रों में चिकित्सकों की नियुक्ति, सड़कों के पुनर्निर्माण एवं विद्यालयों के आधुनिकीकरण के कार्य निरंतर प्रगति पर हैं।

बिष्ट ने कहा कि भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। विपक्ष के रचनात्मक सुझावों का स्वागत है। लेकिन निराधार आरोपों से प्रदेश की जागरूक जनता भ्रमित होने वाली नहीं है।

 

Check Also

ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था सुधारने को विधायक मनोज तिवारी ने जिलाधिकारी को सौंपे सुझाव, गैस आपूर्ति को लेकर जानिए क्या कहा

  अल्मोड़ा: नगर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही यातायात अव्यवस्था और पार्किंग की समस्या को …