चंपावत: खटीमा में वरिष्ठ पत्रकार के खिलाफ हुए मुकदमे से चंपावत जिले के पत्रकारों में भारी आक्रोश फैल गया है। इसके विरोध में चंपावत जिला मुख्यालय मोटर स्टेशन में सभी पत्रकारों ने भाजपा नेता कुलदीप राणा का पुतला दहन करते हुए जोरदार नारेबाजी की।
चंपावत जिला पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष चंद्र बल्लभ ओली के नेतृत्व सभी पत्रकारों ने एकजुट होकर भाजपा नेता कुलदीप राणा का पुतला दहन किया। कहा कि पत्रकारों का उत्पीड़न बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बीते दिनों खटीमा क्षेत्र में गैस की किल्लत को लेकर वरिष्ठ पत्रकार दीपक फुलेरा ने एक खबर प्रकाशित की थी। जिसको लेकर भाजपा नेता कुलदीप राणा ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जिससे जिले के साथ-साथ प्रदेशभर के पत्रकारों में काफी आक्रोश पैदा हो गया है।
पत्रकारों ने कहा कि अगर सच्चाई दिखाने पर मुकदमे होते हैं तो उनसे पत्रकार पीछे नहीं हटेंगे। जल्द भाजपा नेता पर कार्रवाई नहीं होती है तो आगे उग्र आंदोलन किया जायेगा।
पत्रकारों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए है। कहा कि खटीमा पुलिस ने बिना सत्यता जांचे एक वरिष्ठ पत्रकार पर एकतरफा मुकदमा कर दिया, जो सरासर गलत है। वही, पत्रकार संघ ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा है।
India Bharat News Latest Online Breaking News