अल्मोड़ा: पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में ‘प्रवेशोत्सव’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में नए प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं का स्वागत किया गया। और उन्हें निशुल्क पुस्तक का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि रा.इ.का. अल्मोड़ा में इतनी बड़ी संख्या में छात्रों का प्रवेश लेना भविष्य के लिए एक सुखद संदेश है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय अपने पुराने गौरव को पुन: स्थापित करने में सफल हो रहा है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित महापौर अजय वर्मा ने शिक्षकों और प्रधानाचार्य के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अब गरीब तबके के बच्चों को भी अंग्रेजी माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा मिल सकेगी, जो एक सराहनीय कदम है। मुख्य शिक्षा अधिकारी एच.आर. कोहली ने भी विद्यालय को जनपद के अन्य स्कूलों के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश बिष्ट ने वर्ष भर की शैक्षिक और अन्य गतिविधियों की विस्तृत आख्या प्रस्तुत की। उन्होंने अभिभावकों को आश्वस्त किया कि विद्यालय प्रशासन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के अंत में कक्षा 6 और अन्य कक्षाओं के नए छात्रों को पुस्तकों का वितरण किया गया, जिसे पाकर बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए।
विद्यालय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, मात्र एक सप्ताह के भीतर 238 बच्चों ने विद्यालय में अपना पंजीकरण/प्रवेश करा लिया है। प्रधानाचार्य राजेश बिष्ट ने कहा प्रवेश की यह प्रक्रिया अभी जारी है, जो विद्यालय के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।
कार्यक्रम का संचालन मदन भंडारी ने किया। इस दौरान पार्षद हेम तिवारी, पी.टी.ए. अध्यक्ष अग्निहोत्री, प्रेरणा गुरुरानी, दीपक पाण्डेय, ललित प्रकाश, डॉ. विद्या कर्नाटक, डॉ. ललित जलाल, राजेंद्र सिंह, जगदीश पांडे, धीरज तिवारी, आशुतोष साह और रमेश बिष्ट सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक व अभिभावक मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News