द्वाराहाट (अल्मोड़ा): पाली-पछाऊं के ऐतिहासिक एवं पौराणिक स्याल्दे-बिखौती मेले का सोमवार को विभाण्डेश्वर मंदिर में रंगारंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुभारंभ हुआ। विधायक मदन सिंह बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख डॉ आरती किरौला व मुख्य पुजारी हरीश चंद्र ने दीप जलाकर बिखौती मेले का शुभारंभ किया।
वक्ताओं ने कहा कि मेले हमारी सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराते हैं। इनको आगे बढ़ाने के साथ संवर्धन के लिए सामूहिक रूप से कार्य करना होगा। इस दौरान विधायक बिष्ट ने मंच साज सज्जा के लिए पांच लाख देने की घोषणा की। ब्लॉक प्रमुख आरती किरौला ने भी हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मेला समिति अध्यक्ष रमेश पुजारी ने अतिथियों का स्वागत किया।
बिखौती मेले की शुरुआत रणा गांव के मेलार्थियों ने की। मेलार्थी नगाड़े-निसाणों के साथ हुड़के और चिमटे की थाप में झोड़ा गायन करते हुए मंदिर पहुंचे। उसके बाद भगवान शिव की आराधना की गई।
चन्द्रशेखर पुजारी के संचालन में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आदर्श इंटर कॉलेज सुरईखेत, प्राप विमाण्डेश्वर, राप्रावि विढोली, सिमलगांव आदि के बच्चों ने नंदा राजजात यात्रा, कुमाऊँनी, गढ़वाली, झोड़ा आदि गीतों से मेलार्थियों की तालियां बटोरी।
बिखौती मेले के शुभारंभ पर विधायक मदन सिंह बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख आरती किरौला, नगर पंचायत अध्यक्ष संगीता आर्या, मेला समिति अध्यक्ष रमेश पुजारी,पूर्व विधायक महेश नेगी, आशुतोष शाही, पूर्व प्रमुख दीपक किरौला, पूर्व प्रमुख ममता भट्ट, ज्येष्ठ प्रमुख सुनील कांडपाल, हेम रावत, कंचन साह, जगदीश बुधानी, दिनेश आर्या, धीरज जोशी, जीवन बिष्ट, अधिशासी अधिकारी जीवन रावत, दयाल बिष्ट, महेश पंत, दिनेश पुजारी आदि मौजूद रहे।
बिखौती के रात्रि मेले में पहुंचेंगे मेलार्थी
द्वाराहाट में बिखौती मेले में देर रात में नगाड़े-निसाणों के साथ मेलार्थी सुरभि, नंदिनी एवं गुप्त सरस्वती नदी में त्रिवेणी स्नान कर विभाण्डेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना कर घरों को वापस लौटेंगे। जिसमें रणा, सिमलगांव, बेडुली, छतीनाखाल, बेढूली, बनौली, वलना, छतगुल्ला, बसेरा, असगोली, सलना, बूंंगा, गवाड़, कोटिला सहित दर्जनों गांवों के मेलार्थियों के पहुंचने की उम्मीद है। वहीं मंगलवार को बटपूजे में द्वाराहाट में ओड़ा भेंटने की रस्म अदायगी होगी, मुख्य मेला 15 अप्रैल को होगा।
India Bharat News Latest Online Breaking News