देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है। पहाड़ से मैदान तक बादल छाए हैं। वहीं, मौसम विभाग की ओर से सात जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश होने से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी मौसम के पूर्वानुमान में शुक्रवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से हल्की वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। वहीं, अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।
जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. आरके सिंह ने बताया कि शुक्रवार को सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ अपेक्षाकृत कमजोर है। ऐसे में ज्यादा भारी वर्षा की संभावना नहीं है। शनिवार से मौसम साफ हो जाएगा।
केदारनाथ में माइनस 8 डिग्री पहुंचा तापमान
गंगोत्री धाम में भागीरथी (गंगा) नदी का जल और नलों का पानी जमने लग गया है। रात का तापमान माइनस 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। सुबह और शाम को हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। वही, केदारनाथ में बर्फबारी से शीतलहर का प्रकोप अपने चरम पर है। केदारनाथ में अधिकतम तापमान 6 डिग्री और न्यूनतम माइनस 8 डिग्री रहा।
India Bharat News Latest Online Breaking News







