अल्मोड़ा: लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही यूथ कांग्रेस एक्टिव नजर आ रही है। शुक्रवार को यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर अल्मोड़ा पहुंचे। कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर की मौजूदगी में हुई बैठक में संगठन की मजबूती के साथ ही आगामी लोकसभा व निकाय चुनाव में जीत सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान तय किया गया कि युवा कांग्रेस प्रदेशभर में सांसद आवास का घेराव करेगी।
बैठक में ‘सांसद आवास घेराव’ और ‘यूथ जोड़ो बूथ जोड़ो’ मुहिम की तैयारियों के बारे में चर्चा की गई। इस दौरान सांसद घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु जिला एवं विधानसभा के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस दौरान यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि भाजपा के सभी सांसदों का कार्यकाल काफी निराशाजनक रहा है। चुनाव जीतने के बाद बीजेपी सांसद पूरी तरह निष्क्रिय रहे। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा के कार्यकाल में यहां की जनता के हाथ सिर्फ निराशा लगी है। इसलिए यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे पांच साल निष्क्रिय रहने वाले ऐसे सांसदों का घेराव करेगी।
यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दीपक कुमार ने कहा कि आगामी 18 जनवरी को यूथ कांग्रेस द्वारा अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय टम्टा के आवास का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जो भी जिम्मेदारी संगठन द्वारा उन्हें सौंपी गई है उसका वह भलीभांति निर्वहन करें।
बैठक में जिलाध्यक्ष कांग्रेस भूपेंद्र सिंह भोज, जिला अध्यक्ष महिला कांग्रेस राधा बिष्ट व कांग्रेस नगर अध्यक्ष ताराचंद्र जोशी ने भी शिरकत की।
इस मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष ललित सतवाल, महिला जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस राधा बिष्ट, प्रदेश सचिव महिला कांग्रेस लता तिवारी, निर्मल, वीरेंद्र मलार, भुवन दोसाद, विपुल कार्की, अनिल राणा, भुवन आर्य, अंकित टम्टा, इसरार अहमद, हरेंद्र शैली, चेतन पांडे समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News