
अल्मोड़ा। जिलेभर में दीपावली पर्व हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। लोगों ने महालक्ष्मी व भगवान गणेश की पूजा कर परिवार के सुख, समृद्धि की कामना की। घरों में विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाकर भगवान को अर्पित किए। लोगों ने एक दूसरे को प्रकाश पर्व दीपावली की बधाई दी। शाम होते ही शहर और गांव विद्युत की सतरंगी रोशनी से जगमगा उठे। सांस्कृतिक नगर भी रंग बिरंगी रोशनी से नहाए नजर आया।

दीपावली की सुबह लोगों ने अपने घरों में गन्ने से लक्ष्मी की प्रतिमा का निर्माण किया। देवी का मुखौटा लगाकर सुंदर वस्त्र और शृंगार से सजाकर घर के मंदिरों में स्थापित किया। इसके बाद शाम को देवी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की। लोगों ने अपनी दुकानों, घरों में लक्ष्मी का पूजन पूरे विधि विधान से किया। शाम होते ही दीपावली की असली चमक नजर आई। शुभ मुहूर्त में लक्ष्मी पूजन कर दीप जलाए गए।
महालक्ष्मी पूजा से पहले शुक्रवार को बाजार लोगों से गुलजार रहा। शहर के लाला बाजार, चौक बाजार, कारखाना बाजार, कचहरी बाजार में खरीददारों की खूब भीड़ रही। लोगों ने दीपावली पर्व को लेकर जमकर खरीदारी की। इसके अलावा एडम्स में लगाए गए स्टॉल पहुंचकर लोगों ने पटाखा की भी खरीददारी की। ग्राहकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए व्यवसाईयों के चेहरे खिले-खिले नजर आए।
India Bharat News Latest Online Breaking News
