अल्मोड़ा। नशा मुक्ति की थीम के साथ मल्ला महल में तीन दिवसीय होली महोत्सव का शानदार रंगारंग आगाज हो गया है। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित होली महोत्सव का शुभारंभ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा एवं मेयर अजय वर्मा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्जवलन कर किया।
सुबह चौघानपाटा से मुख्य बाजार होते हुए ऐतिहासिक मल्ला महल तक सांस्कृतिक यात्रा निकाली गई। जिसमें नशा मुक्ति को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। इस पदयात्रा में छोलिया दल, स्कूली बच्चे एवं महिला समूहों ने अपनी अपनी विभिन्न प्रस्तुतियों से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
मल्ला महल में अपने संबोधन में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि अल्मोड़ा की होली देशभर में अपनी सांस्कृतिक विविधता के कारण अपना अलग स्थान रखती है। यह होली यहां की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा एवं सांस्कृतिक संरक्षण का प्रतीक भी है। उन्होंने सभी को होली की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यहां बच्चे, बड़े, बूढ़े एवं महिलाएं नशा मुक्ति पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। हमें उनसे सीख लेनी चाहिए।
मल्ला महल में आयोजित इस आयोजन में होली के विभिन्न सांस्कृतिक रूप देखने को मिले। जोहार सांस्कृतिक समूह, घुश्मेश्वर महिला समिति, महिला कल्याण संस्था, कोकिला महिला समूह, मां दुर्गा समूहों समेत स्कूली बच्चों ने होली गीतों पर रंगारंग प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस दौरान कुमाऊं की प्रसिद्ध संस्कृतिक परंपरा के रूप में बैठकी होली का आयोजन भी किया गया, जिसमें कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया। परिसर में बच्चों की रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। वही, हस्तशिल्प एवं स्थानीय उत्पादों के स्टाल भी लगाए गए जिसका लोगों ने भरपूर लाभ उठाया।
यहां पूर्व विस उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, सीडीओ दिवेश शाशनी, क्षेत्रीय पुरातात्विक अधिकारी डॉ. सीएस चौहान, जन्मजेय तिवारी सहित कई कलाकार, स्कूली बच्चे एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News