Breaking News

अल्मोड़ा में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार पर वादाखिलाफी का लगाया आरोप

अल्मोड़ा। घरेलू गैस सिलेंडर, डीजल, पेट्रोल और बिजली के बढ़ते दामों को लेकर आम जनता की परेशानी के बीच कांग्रेस ने प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चौघानपाटा में केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल डीजल सहित बिजली के दामों में बढ़ोतरी करके मध्यम वर्ग और गरीब तबके की कमर तोड़ने का काम किया है। दैनिक उपभोग की वस्तुओं की कीमत लगातार बढ़ रही है, जिससे मध्यमवर्गीय और निम्नवर्गीय परिवारों का बजट पूरी तरह से बिगड़ चुका है।

भोज ने सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा भाजपा सरकार अब धार्मिक और सांप्रदायिक मुद्दों को उछालकर लोगों को आपस में लड़ाने का प्रयास कर रही है। अच्छे दिनों का वादा कर सत्ता में आने वाली भाजपा सरकार आज अपने वायदों को भूल चुकी हैं, भाजपा सरकार में महंगाई आसमान छू रही है।

जिलाध्यक्ष भोज ने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी व उनके भाजपा नेता महंगाई को लेकर कांग्रेस नेताओं पर तरह तरह की टिप्पणी करते थें। लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी व भाजपा नेता महंगाई, बेरोजगारी के मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने के लिए सांप्रदायिक मुद्दों के माध्यम से लोगों को लड़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ाने में राज्य सरकार भी पीछे नहीं है। ऊर्जा प्रदेश होने के बावजूद उत्तराखंड में बिजली की दरों में वृद्धि कर दी गई है, जो आम जनता के साथ धोखा है।

नगर अध्यक्ष तारा चंद जोशी ने कहा कि एक तरफ सरकार सबका साथ सबाक विकास की बात करती है वहीं महंगाई को बढ़ाकर लोगों को आर्थिक दिक्कतों की ओर धकेल रही है। उन्होंने कहा कि राशन, दवा से लेकर दाल, कपड़े, घरेलू सामान सबके मूल्य आसमान छू रहे हैं जनता अब स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट ने कहा कि इस बढ़ती महंगाई से महिलाओं के किचन का बजट बिगड़ गया है। लोगों को अच्छे दिन का सपना दिखाकर सत्ता में आई भाजपा सरकार से अब लोगों का मन खिन्न हो चुका है। जनता इसका जवाब भाजपा सरकार को आगामी पंचायत एवं विधानसभा चुनावों में सत्ता से बेदखल करके देगी।

पुतला दहन कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष यूथ कांग्रेस दीपक कुमार, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील साह, पार्षद वैभव पांडेय, भैरव गोस्वामी, अजीत कार्की, पूरन रौतेला, बाल कृष्ण पांडे, हर्ष कनवाल, विनोद वैष्णव, परितोष जोशी, जगदीश तिवारी, बाल विक्रम सिंह रावत, अख्तर हुसैन, वकुल साह, तारा पांडेय, फेमिना खान, लीला जोशी, रोहित रौतेला, सुधांशु रौतेला, तारा तिवारी, अमरजीत भाकुनी, आशीष भारती सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

 

 

Check Also

अल्मोड़ा में सड़क हादसा, कैदियों को पिथौरागढ़ ले जा रहा वाहन हुआ दुर्घटनाग्रस्त

अल्मोड़ा। जिले में बुधवार को एक सड़क हादसा हो गया। अल्मोड़ा पिथौरागढ़ हाईवे में दन्या …

preload imagepreload image
08:15