अल्मोड़ा। धौलादेवी ब्लॉक के पनुवानौला, जागेश्वर क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से चल रही बिजली की आंख मिचौली से लोग परेशान हैं। अघोषित कटौती से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को ऊर्जा निगम का पुतला जलाया और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव गोविंद प्रसाद के नेतृत्व में स्थानी व्यापारी और ग्रामीण जागेश्वर में एकत्र हुए। उन्होंने ऊर्जा निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला जलाया। उसके बाद भनोली तहसील मुख्यालय जाकर तहसीलदार के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा। जल्द व्यवस्था नहीं सुधरने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
डीएम को भेजे ज्ञापन में कहा कि पनुवानौला, जागेश्वर समेत आधे ब्लाक में तोली स्थित सब स्टेशन से बिजली सप्लाई होती है। पिछले कुछ महीनों से कई घंटे बिजली की कटौती की जा रही है। बिजली की अनियमित सप्लाई से उपभोक्ता परेशान हैं। अस्त व्यस्त बिजली सप्लाई से कारोबारियों के अलावा जागेश्वर धाम में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी काफी परेशानी हो रही है। ऊर्जा निगम के स्थानीय कार्मिकों और मुख्यालय स्थित अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है।
प्रदर्शन, पुतला फूंकने और ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान पूजा आर्या, व्यापार मंडल अध्यक्ष मुकेश चंद्र भट्ट, पूर्व प्रधान हरिमोहन भट्ट, पूर्व प्रबंधक प्रकाश भट्ट, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख योगेश भट्ट, दयाल पांडे, हिमांशु भट्ट, विजय कुमार, नाथू भट्ट, राहुल प्रसाद, हिमांशु प्रसाद, अजय कुमार, राम प्रसाद, शंकर भट्ट, दिनेश चंद्र भट्ट, गिरीश भट्ट, गोकुल प्रसाद, राज कुमार, अनिल कुमार, मोहन राम, जीवन राम, रोहित कुमार, नीरज कुमार आदि शामिल रहे।
नगर में बिजली की आंख-मिचौली से उपभोक्ता परेशान
अल्मोड़ा। नगर व आस पास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से बिजली की आंख-मिचौली से लोग परेशान है। जिससे सरकारी कार्यालयों में कामकाज में इसका असर पड़ रहा है। व्यापारियों का काम भी प्रभावित हो रहा है। अन्य उपभोक्ताओं को भी कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को भी दिनभर बिजली आने जाने का सिलसिला जारी रहा। निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने में विभाग बुरी तरह फेल साबित हो रहा है।
India Bharat News Latest Online Breaking News