अल्मोड़ा। अर्बन को-आपरेटिव बैंक लि. (Urban Co-operative Bank Ltd.) ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में करीब छह हजार करोड़ कार्य व्यवसाय किया है। बैंक का कार्य व्यवसाय विगत वर्ष 2023-24 में 5147.53 करोड़ था, जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर 5736.58 करोड़ हो गया है। बैंक ने जिसे वर्ष 2028 तक बढ़ाकर आठ हजार करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। बैंक प्रबन्ध निदेशक पीसी तिवारी व बैंक अध्यक्ष सीए महेश चन्द्र जोशी ने कहा कि यह उपलब्धि बैंक की ग्राहकों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
शनिवार को नगर के एक होटल सभागार में अर्बन बैंक की 34 वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक (34th Annual General Body Meeting) हुई। बैंक प्रबन्ध निदेशक पीसी तिवारी ने बताया कि निक्षेप व्यवसाय 261.65 करोड़ की वृद्धि के साथ वित्तीय वर्ष 2024-25 की समाप्ति पर कुल 3672.89 करोड़ रहा। ऋण व अग्रिमों में विगत वर्ष की तुलना में अधिक ऋण वितरित करने एवं वसूली के बाद 327.39 करोड़ की वृद्धि हुई। जिससे वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर कुल ऋण व्यवसाय 2063.70 करोड़ है। बैंक का नैट एनपीए शून्य है। बैंक द्वारा इस वर्ष 31 मार्च तक 1599.78 करोड़ की धनराशि सरकारी प्रतिभूतियों में आरबीआई के पास विनियोजित की गई है।
बैंक की निजी पूंजी र 697.34 करोड़ हो गई है। बैंक द्वारा कुल ऋण का करीब 78.11 प्रतिशत प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र को वितरित कर देश की प्रगति में सराहनीय योगदान दिया है। बैंक का सकल लाभ 68.13 करोड़ है। बैंक प्रबन्धन द्वारा वर्तमान वर्ष में अपने अंशधारकों को 10 प्रतिशत की दर से लाभांश देने का निर्णय लिया है। साथ ही बैंक द्वारा 13.10 करोड़ का अग्रिम आयकर जमा किया गया है।
बैंक प्रबन्ध निदेशक पीसी तिवारी ने कहा कि अर्बन बैंक उत्तराखण्ड का प्रथम सहकारी क्षेत्र का बैंक है जो भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) का प्रत्यक्ष सदस्य है। ग्राहकों को आरटीजीएस, एनईएफटी, पीएफएमएस एवं एसएमएस की सुविधा प्रदान की जा रही है। बैंक आरटीजीएस व ईसीएस के डायरेक्ट मेंबर के रूप में कार्य कर रहा है।
जल्द खुलेंगे बैंक की तीन नई शाखाएं
अल्मोड़ा। बैंक अध्यक्ष सीए महेश चन्द्र जोशी ने बताया कि वर्तमान में बैंक अपनी 62 शाखाओं के साथ ग्राहक सेवा का कार्य कर रहा है। इसी वित्तीय वर्ष में दो नयी शाखाएं खैरना (गरमपानी) व तल्ली बमौरी हल्द्वानी में खोली गयी हैं। शीघ्र ही बैंक की तीन नई शाखाएं धारचूला, थल एवं भराड़ी में खोली जा रही हैं। जिसके बाद बैंक की कुल 65 शाखाऐं हो जायेंगी। उन्होंने कहा कि बैंक द्वारा प्रदेश में बेरोजगारों को अधिक से अधिक प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से रोजगार देकर प्रदेश तथा देश की प्रगति में योगदान दिया जा रहा है। बैंक द्वारा कुल 30 एटीएम की सुविधा ग्राहकों को उपलब्ध करायी जा रही है।
ये रहे मौजूद
बैठक में बैंक उपाध्यक्ष डॉ. वसुधा पंत, बैंक संचालक सुरेन्द्र प्रसाद, सुजाता गुलाटी, विनय कुमार टण्डन, सीए दिनेश चन्द्र, गगनदीप सिंह सहदेव, हरीश चन्द्र पाठक, चन्द्रशेखर काण्डपाल, डॉ. दीपक गौड, जीतेन्द्र सिंह, गिरीश धवन, प्रकाश पाण्डे, सदी राम आर्या, बैंक प्रतिनिधि प्रभा साह, आनन्द सिंह बगडवाल, किशन गुरुरानी, गोविन्द लाल वर्मा, सुनील अग्रवाल, लक्ष्मण सिंह ऐठानी, विनीत दुर्गापाल, मुमताज हुसैन शाह, दीवान सिंह बिष्ट, बीएस मेहता तथा बैंक के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News
