अल्मोड़ा। पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र रिद्धिम अग्रवाल शुक्रवार को जागेश्वर मंंदिर पहुंची। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास की सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
आईजी ने कहा कि मंदिर आने वाले हर यात्री का अनुभव सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण होना चाहिए। यह पुलिस प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने धार्मिक एवं पर्यटक स्थलों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था करने तथा सभी प्रमुख स्थलों पर प्रवेश द्वारों पर फ्रिस्किंग, मेटल डिटेक्टर एवं सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित किए जाने के निर्देश मातहतों को दिए।
आईजी ने निरीक्षण के दौरान जोर दिया कि जागेश्वर जैसे पौराणिक और भीड़भाड़ वाली जगह में भीड़ प्रबंधन सबसे महत्वपूर्ण पहलू है। उन्होंने निर्देश दिए कि यातायात नियंत्रण की स्पष्ट व्यवस्था बनाई जाए ताकि किसी भी समय अव्यवस्था न फैले।
आईजी ने मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों से सीधी वार्ता की। समिति द्वारा रखी गई समस्याओं और सुझावों को विस्तार से सुनते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने मंदिर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
इसके बाद आईजी द्वारा निर्माणाधीन पुलिस चौकी जागेश्वर के प्रशासनिक भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणदायी संस्था को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान एसएसपी देवेंद्र पींचा, एएसपी हरबंस सिंह, सीओ जीडी जोशी, सीओ दूरसंचार राजीव टम्टा एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News