अल्मोड़ा। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के उपलक्ष्य में सिमकनी मैदान में आयोजित सहकारिता मेले में शनिवार को कैबिनेट एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने सहकारिता के क्षेत्र में राज्य की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला तथा सहकारिता की अनिवार्यता पर बल दिया।
मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि वर्ष 2025 को अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। सभी 13 जिलों में सहकारिता मेले लगाये जा रहे है इसकी शुरूआत अल्मोड़ा से की गई है तथा देहरादून में दिसम्बर माह में इसका समापन होगा। कहा कि काश्तकारों को बाजार उपलब्ध कराना, तीन लाख लखपति दीदीयों को तैयार करना तथा मिलेट्स मिशन के तहत मंडुवा, झिंगोरा, धान, बाजारा आदि अनाजों को वैश्विक पहचान दिलाना इन सहकारिता मेलों का लक्ष्य है। हर जिले के उत्पादों की ब्रांडिंग करके पूरे भारत व विश्व में भेजा जायेगा। सहकारिता के माध्यम से सरकार काश्तकारों को एक बड़ा प्लेटफार्म उपलब्ध करा रही है।
मंत्री डॉ रावत ने कहा कि इन सहकारिता मेलों में किसान गोष्ठियां भी आयोजित की जायेंगी। जिसमें काश्तकारों की समस्याओं का निराकरण किया जायेगा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने लाभार्थियों को ऋण के चेक वितरित किए तथा दुग्ध उत्पादन में बेहतर कार्य करने वाले प्रगतिशील काश्तकारों व विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इससे पहले मंत्री ने वृहद टीकाकरण अभियान के तहत टीकाकरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह टीकाकरण वाहन गांव गांव जाकर पशुओं के टीकाकरण का कार्य करेगी। यहां विधायक रानीखेत डॉ प्रमोद नैनवाल, दर्जाधारी गंगा बिष्ट, महेश्वर मेहरा, पूर्व विस उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, मेयर अजय वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, स्वास्थ्य मंत्री के प्रतिनिधि संजय मठपाल, डीएम आलोक कुमार पांडेय, सीडीओ रामजी शरण शर्मा, ब्लॉक प्रमुख हवालबाग हिमानी कुंडू सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
जिला, राज्य योजना तथा विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की
अल्मोड़ा। जिला प्रभारी मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कलेक्ट्रेट में जिला योजना, राज्य योजना तथा विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में विकास के लिए जो धनराशि अवमुक्त को गई है, उसका उपयोग जनोपयोगी कार्यों में किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता के साथ कतई समझौता न करें बल्कि कार्यों को गुणवत्ता तथा समय सीमा के तहत निष्पादित करें। बरसात के दौरान प्रभावित मार्गों तथा गड्ढों को सही किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अवमुक्त राशि को जल्द से खर्च करें तथा लोगों को उसका लाभ दिया जाए।
India Bharat News Latest Online Breaking News