अल्मोड़ा। चौखुटिया में स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती और मानकों के अनुरूप संसाधनों व अन्य व्यवस्थाओं की मांग पर शुक्रवार को चौखुटिया से देहरादून के लिए पदयात्रा की शुरूआत हुई। आमरण अनशन के 23 वें दिन मुख्य आंदोलनकारी पूर्व सैनिक भुवन कठैत के नेतृत्व में करीब दो दर्जन लोग पदयात्रा में देहरादून के लिए रवाना हुए।
पदयात्रा शुरू होने से पहले सभी लोग अनशन स्थल पर एकजुट हुए। जिसके बाद चौखुटिया बाजार में एक विशाल जुलूस निकाला। पदयात्रा में शामिल लोगों को समर्थन देने के लिए सैकड़ों की तादाद में गेवाड़ घाटी व आस पास के क्षेत्रों से लोग अनशन स्थल पहुंचे और रैली में प्रतिभाग किया। इस दौरान नारों और जनगीतों से पूरा बाजार गूंज उठा। भीड़ इतनी अधिक थी कि मुख्य बाजार मार्ग कुछ समय के लिए पूरी तरह जाम हो गया।
आंदोलनकारियों ने सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। इसके बाद पदयात्रा वाले दल को लोगों ने शुभकामनाओं के साथ रवाना किया। यह पदयात्रा गैरसैंण, कर्णप्रयाग और रुद्रप्रयाग होते हुए देहरादून पहुंचेगी।
अनशनकारियों ने स्पष्ट किया कि देहरादून पहुंचकर वे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आवास का घेराव करेंगे ताकि उनकी मांगों पर ध्यान दिया जा सके। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी समेत अन्य उपपा कार्यकर्ताओं ने आंदोलनकारियों को अपना समर्थन दिया। वर्तमान में रामगंगा आरती घाट पर दो लोग आमरण अनशन पर बैठे हैं, जबकि सात लोग क्रमिक अनशन पर डटे हुए हैं। पदयात्रा में ललित बिष्ट, चंदन सिंह, महेंद्र सिंह, महेश, चंद्रा, सुंदर नेगी, दान सिंह नेगी समेत कई लोग शामिल है।
दो विशेषज्ञ चिकित्सकों की हुई तैनाती
अल्मोड़ा। चौखुटिया में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती समेत अन्य संसाधनों की मांग को लेकर पिछले 23 दिन से आंदोलन चल रहा है। लोगों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए जिला अस्पताल में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ डॉ मनीष पंत और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ कृतिका भंडारी को चौखुटिया अस्पताल में भेजने के आदेश हो चुके है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनसी तिवारी ने बताया कि लोगों की मांग को देखते हुए दो विशेषज्ञ चिकित्सकों को चौखुटिया अस्पताल में नियुक्त किया गया है। अन्य मांगों को पूरा करने के प्रयास जारी है।
गेवाड़ विकास समिति ने दी आंदोलन की चेतावनी
अल्मोड़ा। पदयात्रा शुरू करने की भनक लगते ही आंदोलनकारियों से वार्ता के लिए मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा शुक्रवार को चौखुटिया अनशन स्थल पहुंचे। जहां उन्होंने आंदोलनकारियों से वार्ता की। लेकिन वार्ता असफल रही। इस दौरान गेवाड़ विकास समिति के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी ने सीडीओ को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा क्षेत्र के सभी राजनीतिक, सामाजिक संगठनों द्वारा कई मांगों को लेकर चार अप्रैल 2025 को सीएम को ज्ञापन सौंपा गया था। 28 सितंबर तक कोई प्रगति नहीं होने पर प्रतिनिधिमंडल सीएम से मिला था। तब सीएम ने मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया था। लेकिन सीएम घोषणा की योजनाओं का शासनादेश अब तक जारी नहीं हो पाया। उन्होंने शासनादेश जारी नहीं होने पर आजमी 29 अक्टूबर से क्रमिक अनशन व 9 नवंबर से आमरण अनशन करने की चेतावनी दी है।
India Bharat News Latest Online Breaking News


