Breaking News
suicide

पत्नी को मायके छोड़ने के बाद पेड़ से लटका मिला युवक का शव

 

 

इंडिया भारत न्यूज़ डेस्क: सिर्फ पांच माह पूर्व विवाह के बंधन में बंधे एक युवक का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला। पत्नी को मायके छोड़ने के बाद युवक ड्यूटी पर जाने की बात कहकर गया, जिसके बाद उसका पता नहीं चला। युवक रुद्रपुर में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था।

 

पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग विकासखंड के ग्राम कफलटा सेलावन निवासी 32 वर्षीय हरीश टम्टा दिवाली पर घर आया था। जानकारी के अनुसार दीपावली मनाने के बाद 25 अक्टूबर को हरीश, संविदा नर्स के तौर पर कार्यरत अपनी पत्नी को उसके मायके भंडारीगांव छोड़ने गया। उसके बाद ड्यूटी ज्वाइन करने की बात कहकर चला गया, लेकिन कुछ देर बाद हरीश का फोन बंद हो गया।

 

 

परिजनों ने उसकी खोजबीन की और 26 अक्टूबर को पत्नी ने बेरीनाग थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस और ग्रामीण लगातार हरीश के बारे में पता करने का प्रयास करते रहे। इधर बीते सोमवार की देर शाम पुलिस को बेरीनाग-थल मार्ग पर बरसायत के जंगल में पेड़ से एक शव लटका होने की सूचना मिली।

 

बेरीनाग कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक हरीश कोरगा और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। शव की पहचान हरीश टम्टा के रूप में की गई। हरीश के परिजनों को सूचना दी गई और पंचनामा भरकर मंगलवार को सीएचसी बेरीनाग में शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंपा गया।

 

एसएसआई हरीश कोरगा ने मीडिया को बताया कि युवक की जेब से एक मोबाइल बरामद हुआ है। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चला है। परिजनों ने फिलहाल कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।

 

 

Check Also

dhan singh rawat

प्रत्येक ब्लाॅक में लगाई जायेगी अल्ट्रासाउण्ड व एक्स-रे मशीन, रेडियोलाॅजिस्ट व एक्स-रे तकनीशियन होंगे तैनात

मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को दिये निर्देश, छह माह में पूरा करें टारगेट   देहरादून: …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *