अल्मोड़ा। लमगड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध मौत की घटना हुई थी। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की मौत गला घोंटे जाने से हुई है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर पूर्व में ही हत्या व लूटपाट का केस दर्ज किया जा चुका है। पुलिस को शंका है कि इस घटना को किसी नजदीकी व्यक्ति ने अंजाम दिया है। ऐसे में पुलिस इसके इर्द गिर्द ही जांच में जुटी है और घटना से सम्बंधित साक्ष्य जुटा रही है।
बीते 14 नवम्बर की रात सागड़ साहू सिजवाली गांव की गंगा देवी से लूटपाट के बाद उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जांच टीम आरोपी के काफी नजदीक तक पहुंच चुकी है। लेकिन साक्ष्यों के अभाव में निष्कर्ष तक नहीं पहुंच पा रही है। जांच में कई अहम बिंदु सामने आए हैं और कुछ करीबी लोगों पर शक की सुई भी घूमी है, लेकिन कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए आवश्यक सबूतों का अभाव पुलिस की कार्रवाई को रोक रहा है।
हत्याकांड में पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की है। शक का दायरा परिवार एवं परिचितों तक सिमटता दिख रहा है। पुलिस का मानना है कि हत्या परिचित की ओर से किए जाने की संभावना अधिक है, लेकिन बिना ठोस सबूत के गिरफ्तारी संभव नहीं। यही कारण है कि जांच महत्वपूर्ण मोड़ पर आकर भी अटक गई है।
पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल्स और घटनास्थल से मिले सुरागों को मिलाकर जांच को अंतिम रूप देने में जुटी है। हालांकि अभी तक कोई ऐसा सबूत नहीं मिला है जिससे किसी संदिग्ध पर कानूनी कार्रवाई की जा सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार साक्ष्य जुटाने में लगी है।
ग्रामीणों और परिजनों में बढ़ती बेचैनी साफ दिखाई दे रही है। उनका कहना है कि घटना को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी न होना चिंता का विषय है। परिजनों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई कर दोषियों को बेनकाब करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील है। मामले में पूरी सावधानी बरती जा रही है। जांच अंतिम चरण में है और जल्द ही सच सामने आएगा।
बुजुर्ग महिला की मौत मामले की पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वृद्धा की मौत का कारण गला घोंटकर होना पुष्ट हुआ है। पुलिस टीम द्वारा कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
-देवेंद्र पींचा, एसएसपी अल्मोड़ा।
India Bharat News Latest Online Breaking News