इंडिया भारत न्यूज डेस्क: अल्मोड़ा मुख्यालय के तिलकपुर निवासी युवा स्टार अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने अपने दमदार प्रदर्शन के बदौलत ऑस्ट्रेलियाई ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया है। एकल वर्ग के फाइनल में लक्ष्य ने जापान के युशी तानाका को सीधे सेटों में 21-15, 21-11 से आसानी से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
राज्य बैडमिंटन संघ के सचिव बी.एस मनकोटी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह चैंपियनशिप 18 से 23 नवंबर तक आस्ट्रेलिया के सिडनी में आयोजित हुई। लक्ष्य ने प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ताइवान के चाई यू जेन को 17-21, 21-13, 13-21 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने अपने हमवतन आयुश शैट्टी को 23-21, 21-11 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। जहां विश्व में नंबर दो खिलाड़ी ताइवान के ताउ टेन चैन को 21-17, 24-22, 21-16 से पराजित किया और फाइनल का अपना स्थान पक्का किया।
फाइनल मुकाबले में लक्ष्य ने एक आसान मुकाबले में जापान के युशी तानाका को सीधे सेटों में हराकर स्वर्ण पदक विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। इस जीत के साथ ही वह इस वर्ष के अपने पहले वर्ल्ड टूर टूर्नामेंट के विजेता भी बने। लक्ष्य सेन चोटिल होने के वजह से शुरूआती टूर्नामेंट में बेहतर नहीं खेल पाएं, जिससे वह कोई पदक नहीं जीत सकें थे। लेकिन एक बार फिर उन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से यह उपलब्धि हासिल कर देशवासियों समेत उत्तराखंड व अपने गृह जनपद अल्मोड़ा के लोगों को गौरवान्वित किया हैं।
इस टूर्नामेंट में लक्ष्य के साथ कोच के रूप में उनके पिता डीके सेन रहे। साथ ही माता निर्मला सेन उनकी हौसला अफजाई व देखभाल के लिए पूरे टूर्नामेंट में उनके साथ रहीं। बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि पूरे साल के उतार चढ़ाव के बाद ये जीत उनके लिए काफी अहम है। अब उनका फोकस अगले सीजन पर होगा।
लक्ष्य की इस उपलब्धि पर बैडमिंटन एसोसिएशन उत्तराखंड के चीफ पैटर्न पूर्व डीजीपी उत्तराखंड अशोक कुमार, प्रमुख सचिव खेल आईपीएस अमित सिन्हा, अध्यक्ष डॉ अलकनंदा अशोक, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, एसएसपी देवेंद्र पींचा, कोाषाध्यक्ष रामअवतार अग्रवाल समेत बैडमिंटन संघ के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों व खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई प्रेषित की है। सचिव बी.एस मनकोटी ने बताया कि पर्यटन सचिव धीरज गर्ब्याल ने लक्ष्य की ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रदेश में पर्यटन के विकास के लिए लक्ष्य को ब्रांड एंबेसडर बनाने की पेशकश करने की बात कही हैं।
सीएम ने लक्ष्य सेन को खिताब जीतने पर दी बधाई
अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन को ऑस्ट्रेलियन ओपन सुपर 500 खिताब जीतने पर बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। सीएम ने लक्ष्य से दूरभाष पर वार्ता कर बधाई दी। सीएम नेकहा कि लक्ष्य की यह उपलब्धि प्रदेश ही नहीं पूरे देश को गौरवान्वित करने वाली है। सीएम ने लक्ष्य सेन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वें आगे भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और देवभूमि का नाम इसी प्रकार रोशन करते रहेंगे।
India Bharat News Latest Online Breaking News