अल्मोड़ा: जिले में पहली बार स्व. सी.एल सेन मेमोरियल जूनियर बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है। अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन के दादा एवं अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन कोच डी.के सेन के पिता स्व. सीएल सेन की याद में आयोजित हो रहे इस टूर्नामेंट का मंगलवार शाम कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने शुभारंभ किया। इस मौके पर डीएम अंशुल सिंह व सीडीओ रामजी शरण शर्मा भी मौजूद रहे।
सेन सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सोसाइटी व अल्मोड़ा बैडमिंटन संघ द्वारा आयोजित यह टूर्नामेंट 17 फरवरी से 19 फरवरी तक खेला जाएगा। जिसमे अंडर 8, 9, 10 और अंडर 11 आयु वर्ग के उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय कोच डीके सेन ने कहा कि इस टूर्नामेंट का मूल उद्देश्य उत्तराखण्ड के लिए बैडमिंटन खेल में नई पौध को आगे लाना है।
हेमवती नंदन बहुगुणा इनडोर स्टेडियम, अल्मोड़ा में आयोजित टूर्नामेंट शुभारंभ अवसर ओर आयुक्त ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ जनपद में खेल संस्कृति को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नन्हीं प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन एवं समर्पण के साथ प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
आयुक्त ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रतिभाओं को निखारने का अवसर प्राप्त होता है। इन आयोजनों के माध्यम से उभरने वाली प्रतिभाओं को शासन स्तर से प्रोत्साहन देकर उन्हें आगे बढ़ने का पर्याप्त अवसर प्रदान किया जाएगा।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बाल्यावस्था से खेलों में सहभागिता बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। खेल बच्चों में आत्मविश्वास, क्षमता एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने एवं खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन हेतु शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि जनपद की प्रतिभाएँ भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के सचिव बी.एस. मनकोटी, जिला खेल अधिकारी महेशी आर्य, गोकुल मेहता सहित अन्य पदाधिकारी एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News