Breaking News

अल्मोड़ा: ग्रामीण को तेंदुए ने बनाया शिकार, शरीर के आधे से अधिक हिस्से को खाया, क्षत-विक्षत शव बरामद

 

अल्मोड़ा: जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। तेंदुए ने एक बुजुर्ग ग्रामीण पर हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग की मौत हो गयी।

मामला कार्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) से सटे मोहान रेंज का है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक तड़म गांव के बेलम तोक निवासी खीम सिंह (65) पुत्र भुर सिंह रोज की तरह मंगलवार को भी सुबह लकड़ी लेने घर से जंगल की ओर निकले। लेकिन जब वापस घर नहीं लौटे तो पत्नी मुन्नी देवी की चिंता बढ़ गई।

 

मुन्नी देवी ने गांव वालों को साथ लेकर खोजबीन शुरू कर दी। घर से थोड़ी ही दूरी पर एक ग्रामीण को खून के कुछ धब्बे दिखाई देने से किसी अनहोनी का शक गहराते ही खीम सिंह की गहन तलाशी शुरू कर दी गई। थोड़ी दूरी पर ही घर से करीब एक किमी दूर घने जंगल में खीम सिंह का क्षत-विक्षप्त हालत में शव बरामद हो गया।

 

घटनास्थल पर लोगों को शव का सिर और पांव ही मिले हैं, बाकी शरीर के बीच के हिस्से को तेंदुए ने बुरी तरह खाने के बाद क्षत-विक्षप्त हालत में ऐसे ही छोड़ दिया।

 

ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही मोहान रेंज के रेंजर गंगा शरण अपनी टीम के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। दूसरी तरफ सूचना मिलते ही एसडीएम रिंकु बिष्ट और तहसीलदार आबिद अली भी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे।

 

वन क्षेत्राधिकारी मोहान रेंज गंगा शरण ने मीडिया को बताया कि शव को रेस्क्यू कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिंजरा लगाने की कार्यवाही की जा रही है। साथ ही वन कर्मियों की टीम ने गश्त कर तेंदुए को रेस्क्यू करने की कोशिश कर रही है। ग्रामीणों को अकेले जंगल में ना जाने और अंधेरे में घर से बाहर ना निकलने के साथ-साथ सतर्क रहने की सलाह दी है।

 

Check Also

स्कूल समय बदलने का अभिभावकों ने किया विरोध, बच्चों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

अल्मोड़ा: विद्यालयों के प्रस्तावित समय परिवर्तन के विरोध में धौलछीना क्षेत्र के अभिभावकों ने एकजुट …