अल्मोड़ा: चुनाव समिति ने जिला बार एसोसिएशन (Almora Bar Association) की नई कार्यकारणी के लिए होने वाले चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है। आगामी 11 सितंबर को बार एसोसिएशन के लिए मतदान होगा। इसी दिन मतगणना और चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा।
चुनाव प्रक्रिया 2 सितंबर से शुरू होकर 11 सितंबर को मतदान व चुनाव परिणाम आने के बाद संपन्न होगी। जजी परिसर स्थित बार भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में चुनाव समिति के मुख्य संयोजक भानु प्रकाश तिलारा (Bhanu Prakash Tilara) ने कहा कि 2 सितंबर व 4 सितंबर को सुबह 11 बजे से 4 बजे तक नामांकन फॉर्म का वितरण होगा। 5 सितंबर को सुबह 11 बजे से 4 बजे तक नामांकन, 6 सितंबर को सुबह साढ़े 10 बजे से साढ़े 12 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच व इसी दिन 2 बजे से 4 बजे तक नामांकन वापसी की प्रक्रिया चलेगी। वही, 8 सितंबर को सुबह 11 बजे से न्यू बार भवन में चुनावी सभा होगी। 11 सितंबर को सुबह 8 बजे से सांय 2 बजे तक मतदान होगा और अपराह्न 3 बजे से मतगणना होगी।
तिलारा ने कहा कि जिला बार एसोसिएशन की नई कार्यकारणी के लिए मतदान जजी भवन के पास स्थित बार भवन में होगा। जबकि आम सभा न्यू बार भवन में होगी। उन्होंने बताया कि जिला बार एसोसिएशन में कुल 294 अधिवक्ता पंजीकृत है। जिसमें इस साल 276 अधिवक्ता अपने वोट करेंगे।
प्रेस वार्ता में चुनाव समिति के संयोजक भानु प्रकाश तिलारा के अलावा सदस्य एडवोकेट भगवती प्रसाद पाण्डेय, कमलेश कुमार, वैभव पाण्डेय, विमला नवीन्द्र, संतोष कुमार पंत, त्रिभुवन शर्मा आदि मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News