अल्मोड़ा: विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को शिखर तिराहे के पास सल्ट से भाजपा विधायक महेश जीना का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विधायक जीना ने रानीखेत क्षेत्र के विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता के साथ दुर्व्यवहार तथा अपमान किया है। विहिप कार्यकर्ताओं के सम्मान को चोट पहुंचाने का आरोप लगाते हुए विधायक जीना के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि विधायक जीना ने विहिप पदाधिकारियों के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए उनके साथ गाली गलौच की और अपने पद का दुरूपयोग करते हुए संगठन के कार्यों में व्यवधान पैदा करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह की अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना शर्मनाक है।
विहिप कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि सल्ट विधायक जिला व प्रांत पदाधिकारियों से क्षमा मांगे। ऐसा न करने पर विहिप पूरे प्रदेश में विधायक जीना के इस कृत्य के खिलाफ आंदोलन करेगी। जिसकी पूरी जिम्मेदारी सल्ट विधायक महेश जीना की होगी।
पुतला दहन कार्यक्रम में विहिप के प्रांत सह सेवा प्रमुख मंगल सिंह बिष्ट, गोविंद सिंह कनवाल, प्रकाश लोहनी, रवि जोशी, विजय सिराड़ी, राजेंद्र कनवाल, महेंद्र जोशी, नरेंद्र उपाध्याय, विकास पोखरिया, सागर, विक्की, शिवम समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे।
सोमेश्वर में विधायक जीना का पुतला फूंका
सोमेश्वर में भी विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सल्ट विधायक महेश जीना का पुतल दहन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि विधायक द्वारा कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया तो वह उसका जमकर विरोध करेंगे।
कार्यक्रम में बजरंग दल अध्यक्ष बालम मेहरा, उपाध्यक्ष तारा सिंह, दीपक सिंह बोरा, विजय जोशी, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष राहुल जलाल, देवेंद्र, पंकज आदि मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News

