Breaking News

बदहाल सिस्टम: उत्तराखंड सरकार की धक्का मार व्यवस्था, बेस अस्पताल में घायल बच्चे को बैठाते ही एम्बुलेंस हुई बीमार, पढ़ें पूरी खबर

अल्मोड़ा: एक माह बाद उत्तराखंड का 24 वां स्थापना दिवस मनाया जाएगा। लेकिन राज्य में आज भी स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति जस की तस है। शायद ही कोई ऐसा सप्ताह बीतता हो जब इंसानियत को शर्मसार करने वाला कोई वीडियो सामने न आता हो। पिता की गोद में दम तोड़ते मासूम बच्चों की तस्वीरें हों या दर्द से कराहती महिलाओं की मर्मातंक चीखें, सत्ताधीशों को किसी ने आहत नहीं किया। इतनी बुरी दुर्दशा के बाद भी कुछ लोग हैं जिनकी उम्मीदें अभी व्यवस्था में बची हैं। लेकिन अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसे देखकर आप भी हैरान हो जाएंगे।

गुरुवार को सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के लिए अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज से संबद्ध बेस अस्पताल लाए गए तीन बच्चों को हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी चल रही थी। लेकिन काफी देर तक मरीजों के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं हो सकी। गंभीर रूप से घायल तीनों बच्चों में एक ​बच्चे की स्थिति काफी नाजुक बनी हुई थी। सरकारी एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के बाद बच्चे को निजी एंबुलेंस से हायर सेंटर रेफर किया गया। लोगों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए बाद में 108 एंबुलेंस अस्पताल पहुंची लेकिन जैसे ही एक घायल बच्चे को एंबुलेंस में बैठाया गया तो एंबुलेंस का इंजन ही ठप हो पड़ा। जिसके बाद पुलिसकर्मियों व ग्रामीणों ने एंबुलेंस को धक्का देकर स्टार्ट कराया। यह धक्कामार एंबुलेंस मरीज को लेकर हायर सेंटर पहुंचेगी या नहीं, अस्पताल में मौजूद परिजनों को इसकी चिंता भी सताए जा रही थी। इस अव्यवस्था को देखकर ग्रामीण व वहां मौजूद अन्य लोग आक्रोशित हो उठे।

बेस अस्पताल के एमएस डॉ. अशोक ने कहा कि 108 एंबुलेंस मेडिकल कॉलेज से संचालित नहीं होती है यह देहरादून से संचालित होती है। मामले का संज्ञान लेकर शिकायत कर दी गई है।

दरअसल, शहर से लगे टाटिक-वडयूड़ा मोटर मार्ग में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सीआरसी खेरदा में खेल कूद प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जा रहे प्राइमरी विद्यालय थाड़ा मठिना के छात्रों की कार टाटिक हैलीपैड के पास गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 7 बच्चे तथा स्कूल के हेडमास्टर प्रकाश जोशी घायल हो गए। बेस अस्पताल के एमएस डॉ. अशोक ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद तीन बच्चों को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया है। जबकि शिक्षक व अन्य चार बच्चों का बेस अस्पताल में उपचार चल रहा है।

अव्यवस्थाओं को लेकर क्या बोले डीएम?

घटना के बाद जिलाधिकारी विनीत तोमर व एसएसपी रामचंद्र राजगुरु बेस अस्पताल पहुंचे। डीएम ने मरीजों के उपचार की जानकारी ली। इस दौरान डीएम ने चिकित्सकों को मरीजों के बेहतर उपचार के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वही, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर उठे सवालों पर डीएम ने कहा कि हर सुविधा एक स्थान पर संभव नहीं होती है जिस तरह का केस है उसका उपचार यहां करने पर अन्य दिक्कतें हो सकती है। मरीज को बेहतर उपचार मिल सके इसके लिए उसे हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। मरीजों को पूरी डिटेल के साथ हायर सेंटर रेफर किया गया है। ब्लड बैंक के सवाल पर डीएम ने कहा कि एक सप्ताह पहले जब वह बेस अस्पताल के निरीक्षण में पहुंचे थे तब सीएमओ को दिशा निर्देश जारी किए थे। पैथोलॉली में डॉक्टर तैनात कर दिया गया है। ब्लड बैंक को एप्लाई करने की तैयारी चल रही है।

कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

बेस अस्पताल में अव्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि भाजपा सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर केवल खोखले वादे कर रही है। मरीजों को एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है। अस्पताल में अव्यवस्थाओं के विरोध में कांग्रेस जल्द ही आंदोलन करेगी।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य व गणेश जोशी पहुंचे अस्पताल

जनपद दौरे पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या व गणेश जोशी घटना के करीब 5 घंटे बाद बेस अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने घायल छात्रों व शिक्षक का हाल-चाल जाना। इस दौरान उन्होंने ​चिकित्सकों को बच्चों के बेहतर उपचार के लिए निर्देशित किया।

हादसे की सूचना के बाद पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, समाजसेवी बी.एस मनकोटी, कांग्रेस नेता बिट्ट कर्नाटक, कांग्रेस नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, दीप डांगी, कर्मचारी नेता पुष्कर सिंह भैसोड़ा, शिक्षक नेता गणेश भंडारी, विनोद कुमार राठौर समेत अन्य लोग मौके पर अस्पताल पहुंचे। सभी लोगों ने अस्पताल में मरीजों को रेफर करने में अपना सहयोग दिया।

 

हमसे whatsapp पर जुड़े

हमसे youtube पर जुड़ें

https://youtube.com/channel/UCq06PwZX3iPFsdjaIam7DiA

 

Check Also

breaking

सल्ट में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ मामला:: BJP से निष्कासित पूर्व मंडल अध्यक्ष पर बढ़ी दुष्कर्म की धारा, अब बढ़ेंगी मुश्किलें

अल्मोड़ा। सल्ट क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ व अभद्रता के आरोपी भाजपा से निष्कासित …