अल्मोड़ा: उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने अल्मोड़ा जिले के डांडा-कांडा में सार्वजनिक भूमि पर दबंगई से कब्जा करने, पॉक्सो समेत कई अपराधिक गतिविधियों में संलिप्त दिल्ली सरकार के अधिकारी ए वी प्रेमनाथ को जबरन रिटायर करने का स्वागत किया है। उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पी सी तिवारी ने कहा कि उपपा भू माफिया प्रेमनाथ के खिलाफ पिछले करीब डेढ़ दशक से संघर्ष कर रही थी। उन्होंने प्रदेश सरकार से डांडा-कांडा में प्लीजेंट वैली नाम से चलाई जा रही संस्था की परिसंपत्तियां तत्काल सरकार के पक्ष में जब्त करने की मांग की।
उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पी सी तिवारी ने कहा कि उनकी पार्टी के अनुरोध पर 2010 में प्लीजेंट वैली के द्वारा कब्जाई गई सरकारी जमीन पर भवन निर्माण, पेड़ काटने खनन करने की जांच जिला प्रशासन से करने का अनुरोध किया था। जिस पर जिलाधिकारी द्वारा उच्च स्तरीय समिति बनाकर जांच की गई थी। जिसमें ए वी प्रेमनाथ के कारनामों का पर्दाफाश किया था और उसकी पत्नी आशा यादव की मैणी गांव में फर्जी दस्तावेजों से खरीदी गई 100 नाली जमीन की सरकार के पक्ष में जब्ती हुई। जांच कमेटी ने प्लीजेंट वैली की जमीन नियमानुसार सरकार के पक्ष में जब्त करने की संस्तुति की। जिसके बाद प्रेमनाथ उपपा नेताओं समेत जांच पड़ताल करने वाले स्थानीय लोगों यहां तक कि पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के खिलाफ भी आपराधिक साजिश कर रहा था।
ये भी पढ़ें
तिवारी ने कहा कि अक्टूबर 2022 में ए वी प्रेमनाथ को डांडा कांडा में नाबालिग से दुराचार के आरोप में गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार किया गया था। जिसके बाद वह निलंबित कर दिया गया था। दिल्ली, अंडमान निकोबार के 1997 बैच के अधिकारी ए वी प्रेमनाथ के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में आय से अधिक संपत्ति जमा करने समेत अनेक अपराधिक मुकदमे चल रहे हैं।
उपपा ने इस आदेश का स्वागत करते हुए ए वी प्रेमनाथ के आपराधिक मामलों की उच्च स्तरीय जांच कर प्लीजेन्ट वैली डांडा कांडा की परिसंपत्तियां तत्काल जब्त करने की मांग की है।
India Bharat News Latest Online Breaking News