देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को जल्द ही दायित्व मिल सकते हैं। बताया जा रहा है कि सरकार व संगठन की इस मामले को लेकर चर्चा हो चुकी है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार मुख्यमंत्री ने जल्द ही दायित्वों की दूसरी सूची जारी करने के संकेत दिए हैं। ऐसे में दशहरा या फिर दीवाली से पहले दूसरी लिस्ट जारी होने के कयास लगाए जा रहे है।
वरिष्ठ नेताओं व पूर्व विधायकों को मिल सकता है दायित्व का तोहफा
धामी सरकार आने वाले दिनों में 30 से अधिक वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को दायित्व की सौगात दे सकती है। प्रदेश अध्यक्ष ने भी संकेत दिए कि पहले चरण के लिए तैयार चारों सूचियों को लेकर मुख्यमंत्री के साथ बातचीत हो चुकी है। भाजपा दायित्व की सौगात पार्टी वरिष्ठ नेताओं के साथ पूर्व विधायकों को भी दी जा सकती है।
संगठन और सरकार पर भारी दबाव
सूत्रों के मुताबिक, दायित्वों की पहली सूची जारी होने के बाद संगठन और सरकार पर पार्टी नेताओं का जबर्दस्त दबाव है। कई नेता और वरिष्ठ कार्यकर्ता केंद्रीय नेताओं से लेकर पूर्व मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष को भी लगातार सिफारिशें प्राप्त हो रही हैं।
मुख्यमंत्री धामी के पहले व अब तक के दूसरे कार्यकाल के लगभग ढाई साल बाद दायित्व वितरण का सूखा 27 सितंबर को खत्म हुआ था। तब 10 भाजपा नेताओं को दायित्व वितरित किए गए थे। इसके बाद से कयास लगाए जा रहे हैं कि सरकार जल्द ही अन्य नेताओं को भी दायित्व की सौगात देगी। इस पर पार्टी नेता भी टकटकी लगाए हुए हैं।
India Bharat News Latest Online Breaking News