-मृतकों में दो सगे भाईयों की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। नैनबाग के पास एक कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग उत्तरकाशी के मोरी ब्लॉक निवासी है। हादसा मंगलवार रात हुआ। लेकिन पता बुधवार दोपहर बाद चला। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें शवों को निकालने में जुटी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आल्टो कार संख्या- यूके07-9647 में सवार 6 लोग मंगलवार रात मोरी से देहरादून को आ रहे थे। रात करीब 1 बजे दिल्ली-यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर अगलाड पुल से 1 किलामीटर पहले नैनबाग की ओर अचानक अनियंत्रित होकर कार गहरी खाई में यमुना नदी किनारे गिर गई। इस घटना का पता रात नहीं चला। सुबह तक अपने गंतव्य पर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद बुधवार सुबह पुलिस टीम लापता कार की तलाश में जुटी। पुलिस ने मोबाइल फोन की ट्रेकिंग की, तो आखिरी लाकेशन दुर्घटनास्थल के पास की मिली। इस पर पुलिस और नैनबाग तहसील से राजस्व टीमें मौके पर पहुंचकर तलाश में जुटीं। दोपहर देहरादून के सहस्त्रधारा से एसडीआरएफ भी बुला ली गई। इसके बाद व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। दोपहर बाद पुलिस को यमुना किनारे गहरी खाई में कार और शव बिखरे मिल गए। कार के परखच्चे उड़ चुके थे।
मृतकों के नाम-
प्रताप(30) पुत्र श्याम सुख, ग्राम मौताड़ मोरी, उत्तरकाशी
राजपाल(20) पुत्र श्यामसुख, ग्राम मौताड़ मोरी, उत्तरकाशी
जशीला(25) पत्नी राजपाल, ग्राम मौताड़ मोरी, उत्तरकाशी
विरेन्द्र(28) पुत्र प्रेमलाल, ग्राम मौताड़ मोरी, उत्तरकाशी
विनोद(35) पुत्र शेरिया, ग्राम मौताड़ मोरी, उत्तरकाशी
मुन्ना(38) पुत्र रूपदास, ग्राम देवती मोरी, उत्तरकाशी
India Bharat News Latest Online Breaking News


