-पुलिस ने घटना के 2 घंटे के भीतर हत्यारोपी को किया गिरफ्तार
गैरसैंण(चमोली): उत्तराखंड के चमोली जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। हरसारी गांव में एक पूर्व सैनिक ने अपने छोटे भाई की पत्नी पर कुल्हाड़ी से वार कर लहूलुहान कर दिया। घायल अवस्था में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैरसैंण पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के चलते पूर्व सैनिक ने इस पूरी घटना को अंजाम दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका की बेटी मनीषा, निवासी हरसारी मेहलचौरी द्वारा थाना गैरसैण पर आकर तहरीर दी गयी की विनोद सिंह पुत्र कलम सिंह निवासी हरसारी मेहलचौरी थाना गैरसैण द्वारा उनकी माता के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया है।
जिसके बाद गैरसैंण थानाध्यक्ष जयपाल सिंह नेगी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
तहरीर के आधार पर थाना गैरसैंण में धारा 307 भादवि के तहत मुकदम दर्ज किया गया तथा हत्यारोपी की गिरफ्तारी हेतु थाना स्तर पर अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर संभावित स्थानों पर अभियुक्त की तलाश प्रारम्भ की गयी।
घायल महिला की मौत के बाद मुक़दमे में धारा- 302 भादवि की बढ़ोत्तरी कर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को कब्जे में लिया गया। पुलिस टीम ने 2 घंटे के भीतर ही आरोपी विनोद सिंह को थाना क्षेत्रान्तर्गत से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया है।
India Bharat News Latest Online Breaking News