Breaking News
Oplus_0

सल्ट में छात्रा से छेड़छाड़ मामला:: BJP नेता की गिरफ्तारी के लिए सड़कों पर उतरी कांग्रेस, एसएसपी का किया घेराव, आत्मदाह की दी चेतावनी, पढ़ें पूरी खबर

अल्मोड़ा। सल्ट में भाजपा नेता द्वारा 14 साल की नाबालिग छात्रा से छेड़खानी करने का मामला अब तूल पकड़ते जा रहा है। मामले को लेकर कांग्रेस सड़कों पर उतर आई है। घटना के बाद स्थानीय जनता में भी खासा आक्रोश है। कांग्रेस ने आरोपित भाजपा मंडल अध्यक्ष की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। ऐसा न होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है।

शनिवार को कांग्रेस ने ब्लाक मुख्यालय मौलेखाल में प्रदेश की प्रदेश सरकार व आरोपित भाजपा मंडल अध्यक्ष का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस के युवा नेता नारायण रावत ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार, स्थानीय विधायक व भाजपा के पदाधिकारियों द्वारा आरोपित मंडल अध्यक्ष को बचाने के लिए पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के तमाम लोग जिस तरीके के हथकंडे अपना रहे है, कांग्रेस उसके खिलाफ मुखर होकर लड़ाई लड़ेगी। और पीड़िता व उसके परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी। रावत ने कहा कि उत्तराखंड समेत पूरे देश में महिलाओं व बच्चियों से हुए कई यौन शोषण मामलों में भाजपा के लोग शामिल है। भाजपा में होड़ लगी है कि जो जितना बड़ा बलात्कारी होगा, उसे उतना बड़ा पद सौंप कर सम्मानित किया जाएगा।

इस दौरान कांग्रेसजनों ने डोटियालगांव-रामनगर स्टेट हाईवे में मौलेखाल बाजार में सांकेतिक चक्काजाम भी किया। और आरोपित भाजपा नेता को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने की मांग उठाई। इस दौरान दयाकृष्ण भट्ट, श्याम चंद्र, धनी राम, मदन सिंह, बलवंत सिंह, बालम सिंह, कैलाश चंद्र समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

यूकां विस अध्यक्ष ने आत्मदाह की दी चेतावनी

छात्रा से छेड़खानी मामले में सल्ट कांग्रेस व लोगों ने एसडीएम के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा है। कांग्रेसियों ने घटना को शर्मनाक बताते हुए आरोपित भाजपा नेता को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने की मांग की है। ऐसा न होने पर निरंतर सल्ट थाना का घेराव करने की चेतावनी दी है। वही, ज्ञापन में विधानसभा अध्यक्ष यूथ कांग्रेस सल्ट अमित रावत ने आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने पर थाना सल्ट में आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।

 

थाने में एसएसपी का किया घेराव

सल्ट में नाबालिग छात्रा से छेड़खानी मामले में लोगों के आक्रोश को बढ़ते देख एसएसपी देवेंद्र पींचा शनिवार को थाना सल्ट पहुंचे। एसएसपी के थाना पहुंचने की भनक लगते ही कांग्रेस पदाधिकारी व अन्य स्थानीय लोग थाना धमक आए। जहां कांग्रेसियों व अन्य स्थानीय लोगों ने एसएसपी का घेराव किया। आक्रोशित लोगों ने कहा कि पीड़िता नाबालिग है और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है। बावजूद इसके आरोपित भाजपा नेता को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता थाने के बाहर धरने में बैठ गए। और आरोपित भाजपा नेता को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े रहे। वही, एसएसपी देवेंद्र पींचा ने लोगों को मामले में उचित कार्यवाही का आश्वासन देते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

आरोपित भाजपा नेता पार्टी से निष्कासित

सल्ट में 14 साल की नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने के आरोपित भाजपा मंडल अध्यक्ष भगवत सिंह बोरा को भाजपा ने निष्कासित कर पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया है। जिलाध्यक्ष रानीखेत लीला बिष्ट ने पत्र जारी कर आरोपित भगवत सिंह बोरा को मंडल अध्यक्ष पद से हटा दिया है। पत्र में उन्होंने कहा कि न्यायालय से दोषमुक्त होने तक भगवत सिंह बोरा को मंडल अध्यक्ष के पद व पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल बाहर किया जाता है।

जल्द हो सकती है आरोपित भाजपा नेता की गिरफ्तारी

भाजपा के मंडल अध्यक्ष के खिलाफ छात्रा से छेड़छाड़ व अभद्रता करने के बाद मामला पूरी तरह गरमाया हुआ है। शनिवार को जहां सल्ट क्षेत्र में कांंग्रेसियों ने प्रदर्शन, सांकेतिक चक्काजाम, एसएसपी का घेराव कर जमकर बवाल किया। वही, जिला मुख्यालय, ​द्वाराहाट, रानीखेत में भी कांग्रेसियों ने सल्ट प्रकरण में भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। कांग्रेस पुलिस पर सरकार व भाजपा नेताओं का दबाव होने का आरोप लगा रही है। पुष्ट सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस जल्द ही आरोपित भाजपा नेता भगवत सिंह बोरा को गिरफ्तार कर सकती है। शनिवार को पीड़िता की मेडिकल जांच व कोर्ट बयान होने के बाद से पुलिस ने मामले में कार्यवाही तेज कर दी है।

 

एसएसपी ने सल्ट पहुंचकर संभाला मोर्चा

अल्मोड़ा। छात्रा से छेड़खानी व अभद्रता मामले में बाद क्षेत्र में तनातनी के माहौल के बीच एसएसपी देवेंद्र पींचा व सीओ विमल प्रसाद थाना सल्ट पहुंचे। जहां एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों से घटना को लेकर जानकारी ली। साथ ही पुलिस अधिकारियों को मामले में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एसएसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि एसडीएम व तहसीलदार के स्तर पर हुई प्रारंभिक जांच में आरोपित भगवत सिंह बोरा पर छात्रा से छेड़खानी करने के आरोप है। पीड़िता का सीएचसी देवायल में मेडिकल नहीं हो पाया था। जिसके चलते शनिवार को रानीखेत चिकित्सालय में पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। पीड़िता के कोर्ट बयान व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

 

पीएसी व अन्य थानों की पुलिस तैनात

अल्मोड़ा। छात्रा से छेड़खानी मामले में लोगों के बढ़ते आक्रोश व तनातनी के माहौल को देखते हुए शनिवार को पीएसी की एक प्लाटून को क्षेत्र में तैनात किया गया है। वही, थाना भतरौंजखान से भी पुलिस तैनात की गई है। इसके अलावा थाना सल्ट के पूर्व एसओ अजेंद्र प्रसाद को भी सल्ट भेजा गया है।

बाल कल्याण समिति ने घटना का लिया संज्ञान

जिला बाल कल्याण समिति (जेजे एक्ट के अंतर्गत निर्मित न्याय पीठ) ने सल्ट ब्लॉक में बच्चों के प्रति बढ़ रहे अपराधों पर गहरी चिंता जताई है। समिति ने सल्ट ब्लॉक में नाबालिग पीड़िता और एक अन्य स्कूली छात्रा के साथ हुए प्रकरणों का समाचार पत्रों में छपी खबर के बाद स्वत: संज्ञान लिया है। बाल कल्याण समिति ने नाबालिक प्रकरण में बाल कल्याण पुलिस अल्मोड़ा को पीड़िता को जिला बाल कल्याण समिति के सम्मुख प्रस्तुत करने के आदेश निर्गत किये हैं। जिला शिक्षा अधिकारी को समिति को रिपोर्ट प्रस्तुत करने और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्यवाही करने के आदेश पारित किये है।

 

Check Also

अल्मोड़ा में आसमानी आफत, लैंडस्लाइड से आवासीय मकान ध्वस्त, तीन मवेशियों की दबकर मौत, 20 से अधिक सड़कें बाधित  

अल्मोड़ा। जिले में बारिश ने कहर बरपा रखा है। जैंती तहसील में ग्राम पंचायत टिकर …