अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में नगर निगम बनने के बाद पहली बार होने जा रहे चुनाव से पहले दलबदल का खेल शुरू हो चुका है। मेयर की सीट महिला से ओबीसी वर्ग के लिए रिजर्व होने के बाद भाजपा नेता एवं जिला व्यापार मंडल के महामंत्री भैरव गोस्वामी के कांग्रेस में शामिल होने के लगातार कयास लग रहे थे। शनिवार को एक कार्यक्रम में गोस्वामी व उनके दर्जनों समर्थकों के कांग्रेस में शामिल होने के साथ ही इन कयासों पर भी विराम लग गया है वही, भैरव के इस कदम ने शहर में सियासी पारा बढ़ा दिया है।
विधायक मनोज तिवारी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज और पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी ने माला व पार्टी का पट्टा पहनाकर कांग्रेस में शामिल होने वाले गोस्वामी व अन्य लोगों का स्वागत किया। भैरव गोस्वामी ने मेयर पद के लिए भाजपा से दावेदारी की थी। राजनैतिक सूत्रों के मुताबिक गोस्वामी को कांग्रेस से मेयर का टिकट मिलना तय है। कांग्रेस और भाजपा ने अब तक अल्मोड़ा नगर निगम के लिए महापौर और पार्षद प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। दोनों ही दलों में मेयर पद के लिए आवेदन कर चुके एक-एक दावेदार के टिकट के लिए पाला बदलने की चर्चा थी।
कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा से जु़ड़े व्यापार मंडल के पदाधिकारी भैरव गोस्वामी ने कांग्रेस का दामन थामा। गोस्वामी ने दो सौ से अधिक साथियों के साथ कांग्रेस में शामिल होने का दावा किया। कांग्रेस में शामिल होने के बाद गोस्वामी ने कहा कि विधायक की जनता के प्रति निष्ठा और विकास कार्यों को लेकर जुनून से प्रभावित होकर वह साथियों सहित कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। अब कांग्रेस की मजबूती के लिए काम करेंगे।
विधायक मनोज तिवारी ने कहा कांग्रेस पार्टी मजबूती के साथ निकाय चुनाव की तैयारी कर रही है। अल्मोड़ा में मेयर और पार्षद पदों पर कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन करेगी। कार्यकर्ताओं की मेहनत से महापौर पद पर पार्टी प्रत्याशी ही जीतेगा। जल्द ही पार्टी नेतृत्व अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा करेगा।
इस मौके पर आनंद सिंह बगडवाल, पीतांबर पांडे, राधा बिष्ट , ताराचंद्र जोशी, दिनेश नेगी, दिनेश पिलख्वाल, त्रिलोचन जोशी, राधा बिष्ट, परितोष जोशी, दिनेश कर्नाटक आदि मौजूद रहे।