अल्मोड़ा। निकाय चुनाव के जोर शोर के बीच भाजपा कांग्रेस में दलबदल का सिलसिला भी जारी है। भाजपा नेता अजीत कार्की ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। रविवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में उन्होंने कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर ली है।
अजीत कार्की 1998 में एसएसजे परिसर से छात्र संघ अध्यक्ष रहे हैं। जबकि 1997 में सेलाखोला से सभासद का चुनाव जीते। वें 2003 व 2008 के निकाय चुनावों में भाजपा के टिकट पर अध्यक्ष का चुनाव भी लड़ चुके हैं। 2008 में तत्कालीन पालिकाध्यक्ष विजय जोशी के निधन के बाद अल्मोड़ा पालिका में उपचुनाव हुआ था। इसके अलावा अजीत कार्की 2013 में भाजपा के जिला महामंत्री व 2004 में युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष का दायित्व भी निभा चुके हैं। कार्की वर्तमान में हिंदू सेवा समिति के अध्यक्ष हैं। नगर के दशहरा महोत्सव समेत अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी वह हमेशा बढ़चढ़ कर हिस्सा लेते आए हैं।
इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि भाजपा में विभिन्न पदों पर रहे अजीत कार्की ने कांग्रेस पर आस्था जताते हुए पार्टी ज्वाइन की है। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष की ओर तो हर कोई जाता है लेकिन सत्ताधारी पार्टी को छोड़ विपक्षी दल में सच्चे लोग ही शामिल होते है। अजीत कार्की का कांग्रेस का हाथ थामना इस बात का सबूत है।
यहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, प्रत्याशी भैरव गोस्वामी, आनंद बगडवाल, तारा चंद्र जोशी, राधा बिष्ट, दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।