Breaking News

BJP का संकल्प पत्र जारी, अल्मोड़ा की जनता से किए ये वादे, मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा- संकल्प पत्र नगर के विकास की गारंटी

अल्मोड़ा: नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा ने गुरुवार को चुनाव कार्यालय में अपना संकल्प पत्र जारी किया। संकल्प पत्र में भाजपा ने नगर की जनता से सीवर लाईन, प्राधिकरण में शिथिलिता प्रदान करने, हेल्थ सिस्टम को सुधारने, अत्याधुनिक लाइब्रेरी, नगर के हैरिटेज की अवधारणा को आगे बढ़ाने, पर्यावरण व संविदा कर्मचारियों के नियमतिकरण समेत 26 वादे किए है। इस दौरान कैबिनेट मंत्री व निकाय चुनाव समन्वयक सौरभ बहुगुणा, जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, चुनाव संयोजक कैलाश गुरुरानी आदि मौजूद रहे।

संकल्प पत्र जारी करने के बाद पशुपालन, मत्स्य पालन, कौशल विकास और रोजगार, प्रोटोकॉल और गन्ना विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि यह संकल्प पत्र न केवल ट्रिपल इंजन की सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता का प्रतीक है। बल्कि आने वाले पांच वर्षो के लिए भाजपा की एक ठोस व भरोसेमंद गारंटी भी है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 25 साल के शासनकाल में कांग्रेस ने अल्मोड़ा नगर के विकास के लिए कुछ भी नहीं किया। इतने सालों से ​सांस्कृतिक नगरी का विकास रूका हुआ है।

मंत्री ने कहा कि भाजपा का मेयर बनने के बाद नगर में सीवर, पार्किंग, बिजली और बेहतर हेल्थ सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है उसे पूरा करती भी है। संकल्प पत्र के माध्यम से जनता से जो भी वादे किए गए है उन सभी पर प्राथमिकता से काम किया जाएगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा ने कहा कि नगर का जिस तरह का विकास होना चाहिए था वह कांग्रेस काल में नहीं हुआ। यहां के पूर्व चेयरमैन हमेशा बजट का रोना रोते रहे। लेकिन कभी भी उन्होंने सरकार से वार्ता करने की जहमत नहीं उठाई।

भाजपा प्रत्याशी अजय वर्मा ने कहा कि इस चुनाव में नगर की जनता का उन्हें अपार समर्थन मिल रहा है। अगर वें मेयर का चुनाव जीतते हैं तो जनता व पार्टी नेतृत्व की अपेक्षाओं पर वह पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे और जनता को साथ लेकर शहर के चहुंमुखी विकास के लिए ईमानदारी से काम किया जाएगा। उन्होंने नगर की जनता से 23 जनवरी को भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की है।

यहां पूर्व दर्जा राज्य मंत्री बिट्टू कर्नाटक, दुग्ध समिति के अध्यक्ष गिरीश खोलिया, पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद बिष्ट, प्रत्याशी अजय वर्मा, मीडिया प्रभारी राजेंद्र बिष्ट, सह मीडिया प्रभारी जगत तिवारी आदि मौजूद रहे।

 

भाजपा ने किए ये वादे-

1. हैरिटेज नगर की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण कर सांस्कृतिक पहचान को भव्यता प्रदान कर नगर में पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रयास किया जायेगा, जिसमें क्षेत्र की आर्थिकी को भी संबल मिलेगा।

2. दशहरा महोत्सव हेतु एम.ई.एस. कार्यालय से होते हुए रा.इ.का. के मैदान तक सड़क मार्ग का निर्माण किया जायेगा तथा ऐतिहासिक नंदा देवी मेले को भव्य स्वरूप प्रदान किया जायेगा।

3. नगर निगम अल्मोड़ा में कार्यरत पर्यावरण मित्रों, दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों, संविदा कर्मचारियों को आवश्यकतानुसार नियमित करने का प्रयास किया जायेगा तथा कर्मचारियों की वेतन, पेंशन व देयता का नियमित भुगतान किया जायेगा।

4. मुख्य बाजार को मूल स्वरूप (पटाल बाजार) में विकसित किया जायेगा।

5. नगर की यातायात व्यवस्था एवं पार्किंग व्यवस्था को न्याय संगत व सुव्यवस्थित किया जायेगा। पाकेट पार्किंग व लिफ्ट पार्किंग को विकसित किया जायेगा।

6. नगर में अनियंत्रित रूप से हो रही जंगली जानवरों, बंदरों, कुत्तों व आवारा पशुओं की आवाजाही रोकने हेतु परिणामपरक कार्ययोजना बनायी जायेगी।

नगर में सीवर लाइन के अवशेष कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करते हुए सम्पूर्ण नगर क्षेत्र को सीवर लाइन से आच्छादित करने का प्रयास किया जायेगा।

8. नगर निगम क्षेत्र में आधुनिक महिला शौचालयों का निर्माण कराया जायेगा।

9. नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में जल निकासी की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जायेगा। नगर में अव्यवस्थित पेयजल लाइनों को व्यवस्थित किया जायेगा।

10. नगर विकास प्राधिकरण से उत्पन्न हो रही विसंगतियों को शासन से वार्ता कर भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप शिथिलता प्रदान करने का प्रयास किया जायेगा।

11. नगर में उच्च शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन हेतु कार्य योजना बनायी जायेगी, जिसके अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु उच्च स्तरीय शिक्षण प्रशिक्षण की व्यवस्था की जायेगी।

12. खिलाड़ियों के लिए हेमवती नन्दन बहुगुणा स्टेडियम के अतिरिक्त राष्ट्रीय मानकानुसार जिसमें 400 मी. का एथलैटिक्स ट्रैक हो, ऐसे राष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम का निर्माण किया जायेगा।

13. नगर के मध्य रंगकर्मियों हेतु अत्याधुनिक ऑडिटोरियम/सभागार का निर्माण किया जायेगा।

14. नगर में भूमिगत कूड़ेदानों का विस्तार किया जायेगा तथा डोर टू डोर कूड़ा एकत्रिकरण को प्रभावी ढंग से लागू किया जायेगा।

15. स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर वेन्डिग जोन आवंटित कर स्वरोजगार के अवसर प्रदान किये जायेंगे तथा स्थानीय उत्पादों की बिक्री हेतु स्थानीय छोटे व्यापारियों को स्थान उपलब्ध कराया जायेगा।

16. नगर निगम में एम्बुलेंस व्यवस्था तथा शारीरिक रूप से अस्वस्थ व कमजोर व्यक्तियों हेतु डोली व्यवस्था की जायेगी।

17. शिकायतों/समस्याओं के निराकरण तथा टैक्स जमा करने आदि की व्यवस्था के लिए एक मोबाइल एप विकसित किया जायेगा

18. अल्मोड़ा को एजुकेशन हब बनाने के लिए अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी का निर्माण किया जायेगा।

19. नागरिकों की सुविधा हेतु नये नगर निगम भवन का निर्माण कराया जायेगा।

20. विद्युत लाइनों को भूमिगत कराया जायेगा।

21. मोदी जी के सोलर विजन को आगे बढ़ाते हुए सोलर हाईमास्ट लाइट व सोलर स्ट्रीट लाइट सिस्टम को विकसित किया जायेगा।

22. नगर में मेडिकल कालेज व जिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण हेतु बीमार व्यक्तियों के तीमारदारों हेतु सस्ती दरों पर निवास हेतु आवासीय भवन का निर्माण किया जायेगा।

23. नगर निगम के अन्तर्गत नये पार्क / चिल्ड्रन पार्क विकसित किये जायेंगे तथा पुराने पार्को का आधुनिकीकरण किया जायेगा।

24. वरिष्ठ नागरिकों हेतु नगर में पैदल पद संचलन हेतु फुटपाथ का निर्माण किया जायेगा।

25. नगर के सभी वार्डों को सुरक्षा की दृष्टि से सी०सी०टी०वी० कैमरों से आच्छादित किया जायेगा।

26. नगर निगम के अन्तर्गत वार्डों में वार्ड कमेटी गठित कर उनके सुझाव के आधार पर नगर के विकास कार्यों को सम्पन्न कराया जायेगा।

 

 

Check Also

अल्मोड़ा नगर में खुलेंगे सात ओपन जिम, युवा निःशुल्क कर सकेंगे कसरत

महापौर अजय वर्मा की युवाओं के लिए शानदार पहल, ओपन जिम का निर्माण कार्य शुरू …

preload imagepreload image
06:15