Breaking News
Oplus_131072

सामाजिक और राजनीतिक बदलाव के लिए जारी रहेगा संघर्ष: तिवारी

उपपा अध्यक्ष पीसी तिवारी ने की प्रेस वार्ता, कहा- उत्तराखंड की अस्मिता बचाने के लिए उपपा सशक्त राजनीतिक विकल्प

 

अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि उपपा पिछले 16 सालों से राजनीतिक, सामाजिक व व्यवस्था परिवर्तन के साथ ही मजदूरों, किसानों, बेरोजगारों, जमीनों व प्राकृतिक संसाधनों की लूट के खिलाफ संघर्ष कर रही है। सड़क से न्यायालय तक यह लड़ाईयां लड़ी जा रही है। जिसके चलते जनता में पार्टी की विश्वसनीयता तेजी से बढ़ी है। उन्होंने कहा कि सामाजिक और राजनीतिक बदलाव के साथ ही उत्तराखंडी अस्मिता व अवधारणा को साकार करने के लिए उपपा अपना संघर्ष जारी रखेगी।

पार्टी के 16 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में उपपा अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी राज्य का एकमात्र राजनीतिक दल है जिसका रजिस्टर्ड कार्यालय गैरसैंण में है। जो हिमालय और उत्तराखंड के विकास की समझ के साथ राज्य को बर्बाद करने वाले माफियाओं, लुटेरों, नौकरशाहों से टकराने की हिम्मत रखती है। उपपा अपने संघर्षशील ईमानदार कार्यकर्ताओं, नेताओं के बल पर उत्तराखंड में एक विश्वसनीय क्षेत्रीय राजनीतिक विकल्प के रूप में सामने आ रही है और तमाम संघर्षशील ताकतें पार्टी के साथ एकजुट हो रही हैं। पार्टी एक विचार लेकर आगे बढ़ रही है और सरकारें इसी विचार से घबराई व डरी हुई है।

उन्होंने कहा कि परिवर्तन पार्टी जोशीमठ, नैनीसार समेत तमाम मुद्दों के लिए सड़क से लेकर न्यायालय तक लड़ाई लड़ रही है। उधमसिंह नगर में मजूदर नेताओं पर गुंडा एक्ट लगाने की कार्यवाही हो या फिर चितई, फलसीमा, डांडाकांडा में जमीनों की निर्मम लूट, इन सब पर उपपा ने बेबाक तरीकें से अपनी आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि दिल्ली से रिमोर्ट कंट्रोल से चलने वाली कठपुतली सरकारें राज्य की अस्मिता के साथ खिलवाड़ कर राज्य में भूमाफिया, शराब माफियाओं व पूंजीपतियों को पनाह देने का काम कर रही है। प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार की स्थिति बता रही है कि राज्य की स्थिति अत्यंत खराब है।

उपपा अध्यक्ष तिवारी ने कहा सरकारों को हिमालयी राज्य उत्तराखंड की संवेदनशीलता से कोई लेना देना नहीं रह गया है। विकास के नाम पर विनाशकारी नीतियां चलाई जा रही है। जिससे आज हिमालय पर भी संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि हिमालय दुनिया का थर्ड वाटर टैंक है इसलिए हिमालय पर खतरा सिर्फ उत्तराखंड नहीं बल्कि पूरी दुनिया पर खतरा है। हिमालय का विनाश पूरे देश, दुनिया का विनाश बनेगा।

तिवारी ने कहा कि उपपा मजदूरों, किसानों, बेरोजगारों के हकों के लिए लगातार आवाज उठा रही है। शिक्षा का बाजारीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं में भ्रष्टाचार, पहाड़ में तेजी से बढ़ भूमाफियाओं के कब्जे के खिलाफ के साथ ही जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर उपपा आगे भी अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि पिछले 16 सालों के अपने कार्यों से पार्टी संतुष्ट है। आगे कई चुनौतियां है, जनता का सहयोग मिलेगा तो इस लड़ाई को और बेहतर ढंग से लड़ा जा सकेगा। उन्हें उम्मीद है कि राज्य की दशा व दिशा बदलने के लिए जनता परिवर्तन पार्टी को एक मौका जरूर देगी।
अपनी आवाज बुलंद करते रहेगी।

प्रेस वार्ता में आनंदी वर्मा, नारायण राम, भावना पांडे, राजू गिरी, नीरज पंत, प्रकाश, वसीम आदि मौजूद रहे।

Check Also

मई दिवस:: गांधी पार्क में आयोजित हुई सभा, पूंजीवादी व्यवस्था में मजदूरों के शोषण और वर्तमान सरकार की नीतियों पर जताई चिंता

अल्मोड़ा। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर श्रमिक, कर्मचारी संगठनों, संविदा, ठेकाप्रथा व मानदेय कार्यरत …

preload imagepreload image
18:21