अल्मोड़ा। नगर निकाय के चुनाव प्रचार का शोर मंगलवार शाम 5 बजे थम गया है। अब प्रत्याशी डोर-टू-डोर प्रचार कर मतदाताओं से संपर्क साध रहे है।
जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि मतदान से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार बंद कर दिया गया है। यह नियम चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए लागू किया गया है। मंगलवार शाम पांच बजे के बाद से सभी प्रत्याशी केवल व्यक्तिगत संपर्क के जरिए प्रचार कर सकते हैं।
आखिरी दिन भाजपा और कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत प्रचार में झोंक दी। कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए मुख्य बाजार में जुलूस निकाला और मतदाताओं से वोट की अपील की। जबकि भाजपा ने बाइक रैली व शाम को बाजार में भ्रमण कर जनता से वोट देने की अपील की। दोनों दलों ने जनता को अपने पक्ष में करने का प्रयास किया।
आपको बता दे कि अल्मोड़ा नगर निगम में पहली बार मेयर सीट के लिए हो रहे चुनाव में भाजपा व कांग्रेस में सीधा मुकाबला है। दोनों ही दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। नगर निकाय के लिए 23 जनवरी को मतदान होना है जबकि 25 जनवरी को मतगणना होगी।