अल्मोड़ा। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने कहा कि जनता ने कई सालों तक कांग्रेस को प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया। लेकिन कांग्रेस नगर की सफाई व्यवस्था, पेयजल, यातायात सहित तमाम मूलभूत जरूरतों पर लापरवाह रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नगर निगम में काबिज होती है तो नगर के विकास को रफ्तार मिलेगी।
चुनाव प्रचार के शोर थमने के चंद घंटे पहले भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शर्मा ने चुनाव कार्यालय में प्रेस वार्ता की। जहां उन्होंने कांग्रेस पर जमकर सियासी तीर छोड़े। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने देखा कि न्यू इंदिरा कॉलोनी, राजपुरा, भ्यारखोला, तल्ला जोशी खोला, एनटीडी, लक्ष्मेश्वर में जितना काम होना चाहिए था उतना हुआ नहीं है। 10 से 15 फीसदी तक ही प्रगति हुई है। कई मूलभूत जरूरतों पर काम नहीं हुआ है। न्यू इंदिरा कॉलोनी समेत कई वार्डों में कूड़े के ढेर लगे है। जबकि सरकार ने स्वच्छता के लिए काफी बजट दिया है।
शर्मा ने कहा, नगर के विकास में राजनीति आड़े नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा प्रचार के दौरान उन्हें यह भी जानकारी मिली कि जनता ने जब जब चुने हुए जनप्रतिनिधियों से समस्याओं की बात की तो वह सरकार नहीं होने का रोना रोते रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के यही लोग अपने कार्यों का श्रेय लेने से नहीं चूकते है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि इस चुनाव में 458 लोगों ने भाजपा ज्वाइन की। जिसमें अधिकांश कांग्रेस छोड़कर आए नेता व व कार्यकर्ता शामिल है।
शर्मा ने कहा कि नगर का विकास भाजपा ही कर सकती है। अगर भाजपा का मेयर बना तो पटाल बाजार को उसके पुराने स्वरूप में लाने, पर्यावरण मित्रों की नियुक्ति करने के साथ ही भाजपा ने संकल्प पत्र में जो भी वादे किए है उन्हें धरातल पर उतारने व नगर की सर्वांगीण विकास के लिए वचनबद्ध, कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदारी व जवाबदेही के साथ काम किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा, जिला महामंत्री धर्मेंद्र बिष्ट, ललित दोसाद, कैलाश गुरुरानी, मनोज जोशी, राजेन्द्र बिष्ट, जगत तिवारी आदि मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News