अल्मोड़ा। दिल्ली से शव लेकर लमगड़ा की ओर जा रही एक एम्बुलेंस खाई में गिर गयी। हादसे में एम्बुलेंस चालक समेत चार लोग घायल हो गए। जिसमें एक व्यक्ति की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गयी। एक महिला व चालक का बेस अस्पताल में उपचार चल रहा है। एक अन्य महिला को हल्की चोट होने के चलते उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक थाना लमगड़ा क्षेत्र के ग्राम बमनस्वाल निवासी भुवन चंद्र उप्रेती पुत्र केशव दत्त उप्रेती का गत दिवस दिल्ली में निधन हो गया था। उनकी पत्नी गंगा उप्रेती और दिल्ली निवासी उनकी साली रमा तिवारी पत्नी कैलाश तिवारी, गेठिया जिला नैनीताल व हाल निवासी लाडो सराय दिल्ली विनोद भट्ट(50) पुत्र देवी दत्त भट्ट एम्बुलेंस संख्या- टी 01 25एचआर 3279जे से शव को लेकर बमनस्वाल जा रहे थे। एम्बुलेन्स को बदरपुर दुली निवासी सुनील पुत्र भगवान दास चला रहा था।
शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे लमगड़ा से बमनस्वाल को जाने वाले ग्रामीण मार्ग में कपकोट के पास सड़क धंसने से एम्बुलेंस करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गयी। करीब 10 बजे हादसे की सूचना मिलने के बाद लमगड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची। सभी घायलों को खाई से निकालकर सीएचसी लमगड़ा में भर्ती कराया गया। जहां सभी का प्राथमिक उपचार किया गया। वही, शव को खाई से निकाल कर पुलिस ने बमनस्वाल भेज दिया है।
हादसे में गंगा उप्रेती को हल्की चोट आई है। अन्य तीन घायलों रमा तिवारी, विनोद भट्ट व चालक सुनील को हायर सेंटर बेस अस्पताल अल्मोड़ा रेफर किया गया। बेस अस्पताल पहुंचने से पहले घायल विनोद भट्ट ने दम तोड़ दिया। अस्पताल ने चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। खबर लिखे जाने तक रमा तिवारी व चालक सुनील का बेस अस्पताल में उपचार चल रहा था। मृतक विनोद भट्ट के सिर में चोट थी। जबकि रमा के हाथ फ्रेक्चर होने के साथ ही शरीर मे अन्य जगहों ओर चोट बताई जा रही है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बेस चौकी प्रभारी एसआई सुनील सिंह बिष्ट ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गयी है। परिजनों के पहुंचने के बाद ही पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
India Bharat News Latest Online Breaking News