सांगठनिक जिला अल्मोड़ा से 10 पदाधिकारियों ने की थी दावेदारी
अल्मोड़ा। भाजपा जिलाध्यक्ष के नाम को लेकर चल रहा इंतजार खत्म हो चुका है। सोमवार को भाजपा ने नये जिलाध्यक्ष के नाम का ऐलान कर दिया है।सांगठनिक जिला अल्मोड़ा में महेश नयाल के हाथों में जिलाध्यक्ष पद की कमान सौंपी गई है।
सोमवार को पार्टी कार्यालय में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं जिला चुनाव प्रभारी खिलेंद्र चौधरी द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के बाद जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा की गई। महेश के नाम का ऐलान होते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी और कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे। इस दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री एवं पर्यवेक्षक राकेश नैनवाल और निवर्तमान जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा भी मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष के लिए इस बार दस पदाधिकारियों ने दावेदारी पेश की थी। लेकिन महेश नयाल सभी को पीछे कर बाजी मारने में कामयाब हुए।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने प्रदेश व जिला नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता को जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी की रीति नीति व सभी को साथ लेकर संगठन व पार्टी के लिए काम किया जाएगा।
मंडल अध्यक्ष भाजयुमो से शुरू किया राजनीतिक सफर
महेश नयाल पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। उनके पास संगठन का लंबा अनुभव है। विधानसभ सोमेश्वर के ग्राम सिलंगिया पोखरी निवासी महेश नयाल ने 2002 में मंडल अध्यक्ष भाजयुमो हवालबाग से अपने राजनीतिक सफर की शुरूआत की। महेश 2003 में मंडल अध्यक्ष भाजयुमो स्याहीदेवी, 2006 में जिलामंत्री भाजयुमो, 2009 में महामंत्री भाजयुमो, 2012 प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भाजयुमो एवं कुमाऊ सह संयोजक भाजयुमो, 2014 में चुनाव संयोजक विस सोमेश्वर उपचुनाव, 2016 में जिलाध्यक्ष भाजयुमो, 2017 में भाजयुमो जिलाध्यक्ष अल्मोड़ा रानीखेत संयुक्त जिला, 2019 में निर्विरोध जिपं सदस्य, 2020 में भाजपा जिला महामंत्री अल्मोड़ा रानीखेत संयुक्त जिला और 2022 में प्रदेश सह संयोजक भाजपा पंचायत प्रकोष्ठ रहे। इसके अलावा महेश नयाल को 2019 में भाजपा ने जिपं अध्यक्ष पद के लिए अपना प्रत्याशी बनाया था। 2019-2024 तक वें जिला नियोजन समिति एवं 2021- 2024 तक जिला पर्यटन परिषद के सदस्य रहे हैं।
प्रांतीय पार्षद के नामों का हुआ ऐलान
चुनाव प्रभारी खिलेंद्र चौधरी ने जिलाध्यक्ष के साथ ही प्रांतीय पार्षद के लिए नियुक्त कार्यकर्ताओं के नामों का भी ऐलान किया गया। जिसमें सोमेश्वर विस से मोहन सिंह दोसाद, अल्मोड़ा विस से निर्मला जोशी तथा जागेश्वर विस वीरेंद्र कुमार आर्या को नाम की घोषणा की गई।
यहां मुख्य रूप से पूर्व विस उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, ललित लटवाल, रवि रौतेला, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाजयुमो कुंदन लटवाल, मंडल अध्यक्ष हवालबाग संजय बिष्ट, कैलाश गुरुरानी, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राजन जोशी, जगत तिवारी, किरन पंत, लीला बोरा, आनंद कनवाल, सीएल टम्टा, प्रेम लटवाल समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।