अल्मोड़ा। नगर के लक्ष्मेश्वर बाईपास स्थित खुटकुनी भैरव मंदिर व गणेश मंदिर में शुक्रवार रात चोरों ने धावा बोल दिया। दोनों मंदिरों का ताला तोड़कर दानपात्र में रखी धनराशि पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। शहर के बीच हुई इस घटना के बाद आस पास के लोगों में दहशत का माहौल है। साथ ही घटना के बाद जनप्रतिनिधियों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए है।
यह घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। पुजारी दया जोशी शनिवार सुबह करीब आठ बजे जब मंदिर पहुंची तो तब जाकर घटना का पता लगा। उनकी सूचना पर आस पास के जनप्रतिनिधि व लोग मंदिर पहुंचे। सूचना के बाद कोतवाली पुलिस टीम भी घटनास्थल पहुंची। चोर खुटकुनी भैरव मंदिर व पास में गणेश मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र से नगदी चोरी कर ले गए है। हालांकि, दानपात्र में कितनी नगदी थी यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
पार्षद अभिषेक जोशी व अमित शाह मोनू ने कहा, नगर में चोरों और नशेड़ियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। पहले भी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से चोरी का शीघ्र खुलासा करने और शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए गश्त बढ़ाने की मांग की है। शीघ्र खुलासा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
उधर, कोतवाल योगेश उपाध्याय ने बताया कि अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
India Bharat News Latest Online Breaking News