28 अगस्त से 3 सितंबर तक आयोजित होगा मेला
मंदिर समिति ने तैयारियां की तेज, पोस्टर का विमोचन
अल्मोड़ा। ऐतिहासिक व पौराणिक मां नंदा देवी मेला 28 अगस्त से तीन सितंबर तक आयोजित होगा। मेले को भव्य बनाने के लिए मंदिर समिति तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है। मंदिर समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों के साथ ही मेले से जुड़े विभिन्न संगठनों के लोगों द्वारा रविवार को नंदा देवी मेला 2025 के पोस्टर का विमोचन किया गया।
प्रेस वार्ता में मंदिर कमेटी के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने कहा कि मेले के उद्धाटन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को आमंत्रित किया गया है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो 28 अगस्त को मुख्यमंत्री मेले का शुभारंभर करेंगे। साथ ही केंद्रीय राज्य मंत्री व स्थानीय सांसद अजय टम्टा, विधायक मनोज तिवारी, महापौर अजय वर्मा बतौर अतिथि मेले के शुभारंभ अवसर पर मौजूद रहेंगे।
अध्यक्ष वर्मा ने कहा कि इस बार मेले के लिए जिला प्रशासन, नगर निगम, जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल व स्थानीय लोगों का काफी सहयोग मिल रहा है। मेले को भव्य बनाने के लिए इस वर्ष नंदा देवी मंदिर प्रांगण के साथ ही एडम्स इंटर कॉलेज के मैदान, मल्ला महल, मुरली मनोहर मंदिर में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मेले में सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रमों के साथ ही विभिन्न प्रतियोगिता आयाजित की जाएंगी। उत्तराखंड के जाने माने लोकगायक अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा उत्तराखंड के लोकसंगीत व नृत्य झोड़ा, चांचरी, भगनौल, छपेली व अन्य परपंराओं को जीवंत रखने व इसका नई पीढ़ी में हस्तांतरण करने के लिए पहाड़ के वरिष्ठ कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे। मेले में अधिकांश कार्यक्रमों में महिलाओं की भागीदारी रहेगी।
सचिव मनोज सनवाल ने मेले के धार्मिक कार्यक्रमों की रुपरेखा बताते हुए कहा कि गणेश पूजन के साथ मेले का विधिवत शुभांरभ होगा। मां नंदा-सुनंदा की मूर्तियों को बनाने के लिए कदली वृक्षों को इस बार रैलाकोट दुलागांव से लाया जाएगा। पूजा-अर्चना के बाद स्थानीय कलाकार कदली वृक्षों से मां नंदा सुनंदा की मूर्तियों का निर्माण करेंगे। तीन सितंबर को नगर में मां नन्दा-सुनंदा की शोभायात्रा निकलेगी। वहीं दुगालखोला स्थित नौले में मां नंदा-सुनंदा की मूर्तियों के विसर्जन के साथ ही मेला संपन्न होगा।
प्रेस वार्ता में मुख्य सांस्कृतिक संयोजक तारा चंद्र जोशी, मुख्य संयोजक अर्जुन बिष्ट, रवि गोयल, डॉ. निर्मल जोशी, हरीश बिष्ट, अमित साह, अमरनाथ नेगी, राजेश पालनी, चंद्र प्रकाश वर्मा, नरेन्द्र वर्मा, महेन्द्र बिष्ट ,राजकुमार बिष्ट, दीप लाल साह, अजय वर्मा, दीपक जोशी, अभिषेक जोशी, संजय जोशी, कुलदीप मेर, आशा बिष्ट, तुलसी देवी, चंचल दुर्गापाल, गुंजन चम्याल, वैभव पांडे, दीपक कुमार, हेम तिवारी, भूपेंद्र जोशी, विजय भट्ट, मुकेश कुमार डैनी, नवीन कुमार, इंतखाब, वंदना वर्मा, ज्योति साह, राधा मटियानी, अंजू बिष्ट, मीरा मिश्रा, नेहा टम्टा, नवीन बिष्ट, गोविंद मेहरा, मोहन जोशी, गीता मेहरा, जगदीश नगरकोटी, जगत तिवारी, मनोज भंडारी, हनी वर्मा, दिनेश मठपाल, गणेश मेर, दया कृष्ण परगाईं, आशीष बिष्ट, नमन बिष्ट, पंकज परगाईं, गोपाल रावत आदि मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News